लखनऊ, 12 मार्च 2026:
रसोई गैस की कथित किल्लत और बढ़ी कीमतों को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर हाथों में लेकर कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए चौराहे में अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी ‘नाम नरेंदर काम सरेंडर’ जैसे नारे लगाते हुए केंद्र सरकार पर महंगाई को काबू करने में विफल रहने का आरोप लगा रहे थे। सपा नेताओं का कहना था कि रसोई गैस के बढ़ते दामों से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमत लगातार बढ़ रही है। इससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है।

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई की मार से जनता पहले ही परेशान है और अब रसोई गैस के बढ़े दामों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत गैस सिलेंडर की कीमतों पर नियंत्रण करे और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करे। साथ ही केंद्र सरकार से इस्तीफे की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कई कार्यकर्ता सड़क पर ही लेट गए और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घसीटकर गाड़ियों में बैठाया।
इस बीच कुछ कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ी की छत पर चढ़ गए और वहीं से नारेबाजी करते रहे। काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।






