सीतापुर, 13 मार्च 2026:
जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी राजागणपति आर. के निर्देश पर जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां उपभोक्ता सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी में देरी और कालाबाजारी से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। दूसरी ओर अफसर फील्ड में उतरकर जायजा ले रहे हैं। इसी दौरान एसडीएम लहरपुर ने एक घर से 10 सिलेंडर बरामद किए हैं।
स्थापित किये गए कंट्रोल रूम में उपभोक्ताओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी न हो और वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे। कंट्रोल रूम में दो पूर्ति निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिकायतें सुनेंगे। उपभोक्ता उनके मोबाइल नंबर 8756738545 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक पूर्ति निरीक्षक आलोक सिंह शिकायतें दर्ज करेंगे। उनसे मोबाइल नंबर 7355977158 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने गैस वितरण को लेकर निगरानी और कड़ी कर दी है। अब जिले की गैस एजेंसियों पर सिलेंडरों का वितरण लेखपालों की मौजूदगी में कराया जाएगा। लेखपाल मौके पर रहकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सिलेंडर सही उपभोक्ताओं को ही दिए जाएं।
इसी क्रम में लहरपुर क्षेत्र में प्रशासन ने छापेमारी भी की। उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम और क्षेत्राधिकारी आलोक प्रसाद ने मोहल्ला ठठेरीटोला में लईक अहमद के घर छापा मारा। यहां से एक कामर्शियल और नौ घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें तीन भरे हुए और बाकी खाली पाए गए। पूर्ति निरीक्षक कविता वर्मा ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






