सीतापुर, 16 मार्च 2026:
यूपी सरकार के कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही को फोन पर धमकी देने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। यही नहीं आरोपी युवक ने हर माह 20 हजार देने की मांग भी कर चुका है। फिलहाल मंत्री के कार्यालय सचिव ने आरोपी कुलदीप के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
कार्यालय सचिव सुरेश कुमार के मुताबिक मंत्री सुरेश राही के मोबाइल फोन पर कोतवाली देहात के कासिमपुर निवासी कुलदीप तिवारी का कॉल आया। आरोप है कि कुलदीप तिवारी ने कहा कि अगर दस मिनट के भीतर फोन नहीं उठाया गया तो ठीक नहीं होगा। बातचीत के दौरान कुलदीप तिवारी ने फेसबुक पर लिखी अपनी पोस्ट का जिक्र करते हुए मंत्री से गैस सिलेंडर दिलाने की मांग की। इस पर मंत्री ने कहा कि इस समय गैस आपूर्ति को लेकर समस्या चल रही है और बिना ओटीपी के सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
आरोप है कि इसके बाद कुलदीप तिवारी ने नाराजगी जताते हुए धमकी भरे लहजे में बात की और कहा कि सिलेंडर कहीं से भी ले लेगा, लेकिन इसका अंजाम ठीक नहीं होगा। कुलदीप तिवारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर मंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां लिखी हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 10 मार्च को एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान कुलदीप तिवारी ने मंत्री के सहयोगी लवकुश शुक्ला से मुलाकात की थी। वहां उसने हर महीने 20 हजार रुपये देने की मांग की थी। सहयोगी ने जब इसे असंभव बताया तो उसने नाराजगी जताई थी। कुलदीप तिवारी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और उस पर लोगों को बदनाम कर ब्लैकमेल करने के आरोप लगते रहे हैं।
कार्यालय सचिव सुरेश कुमार की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर कोतवाली देहात पुलिस ने कुलदीप तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गीता सिंह को सौंपी गई है। पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है।






