Sitapur City

सीतापुर : कभी छत पर, कभी खेतों में, तेंदुए की चहलकदमी से वन विभाग परेशान…दहशत में ग्रामीण

चार दिन में तीसरी बार दिखा शिकारी, अशरफ नगर सेढ़ौली में चहलकदमी से मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने की कॉम्बिंग, मिले पगचिह्न, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

सीतापुर, 2 नवंबर 2025:

मिश्रिख वन रेंज में इन दिनों तेंदुए की चहलकदमी से दहशत का माहौल है। लगातार ठिकाना बदलते हुए यह खूंखार जानवर अब अशरफ नगर सेढ़ौली गांव तक पहुंच गया है। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीण को जब तेंदुआ दिखाई दिया, तो उसकी घिग्घी बंध गई। डर के मारे भागते हुए वह गांव पहुंचा और ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने खेतों में तेंदुए के ताजे पगचिह्न बरामद किए। अधिकारियों ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

मिश्रिख वन रेंज में तेंदुआ पिछले कई दिनों से लगातार इलाके बदलते हुए घूम रहा है। मंगलवार रात इसे दतवल गांव में एक मकान की छत पर देखा गया था। बृहस्पतिवार शाम यह गुजरेहटा के पास नजर आया और अब अशरफ नगर सेढ़ौली के खेतों में इसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इससे इलाके के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग खेतों में जाने से परहेज कर रहे हैं और शाम ढलते ही घरों में दुबक जा रहे हैं।

अशरफ नगर सेढ़ौली निवासी बिंद्रा ने बताया कि शाम करीब 6 बजे वह खेतों की ओर जा रहा था, तभी करीब 800 मीटर की दूरी पर खेतों में तेंदुआ टहलता दिखाई दिया। वो भागकर गांव आया और पुष्कर को जानकारी दी। पुष्कर ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। वन विभाग की टीम ने सुबह खेतों में तेंदुए के पगचिह्न मिलने की पुष्टि की है। हालांकि, कॉम्बिंग के दौरान तेंदुआ नहीं दिखा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और बच्चों को अकेले खेतों की ओर न जाने की हिदायत दी है।

ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें  एडवांस देकर प्रोग्राम की फर्जी बुकिंग कराई...रास्ते में कार रोकी, महिला डांसरों के साथ की ये वारदात

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link