Lucknow City

LPG संकट पर अनोखा प्रदर्शन…सिलेंडर की अर्थी निकाली, छाती पीटकर रोईं महिलाएं

सपा महिला सभा ने कैसरबाग स्थित पार्टी दफ्तर के बाहर महंगाई और किल्लत पर सरकार को घेरा, लगाए नारे

लखनऊ, 20 मार्च 2026:

राजधानी के कैसरबाग इलाके में शुक्रवार को समाजवादी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को लेकर अलग अंदाज में विरोध जताया। महिलाओं ने सिलेंडर पर सफेद चादर ओढ़ाकर उसकी अर्थी निकाली और छाती पीटकर रोने लगीं। इस दौरान महंगाई और गैस की किल्लत को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।

महिलाएं हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचीं, जिन पर सरकार व महंगाई के खिलाफ नारे लिखे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खाली सिलेंडर सिर पर रखा और बर्तन लेकर सड़कों पर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं सिलेंडर को पकड़कर बिलखती नजर आईं। उनका कहना था कि हमने इसका पिंडदान कर दिया है।

WhatsApp Image 2026-03-20 at 3.22.54 PM

गैस के बढ़ते दाम और समय पर सिलेंडर न मिलने से घर चलाना मुश्किल हो गया है। कई महिलाओं ने कहा कि अब हालात ऐसे हैं कि रसोई संभालना भी भारी पड़ रहा है। महिला सभा की नगर अध्यक्ष मुन्नी पाल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उनका आरोप था कि लोगों को गैस एजेंसियों पर घंटों लाइन में लगना पड़ता है, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल पाता। पूजा यादव ने कहा कि गैस इतनी महंगी हो गई है कि अब यह आम परिवार की पहुंच से बाहर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग ठीक से खाना भी नहीं बना पा रहे हैं। प्रदेश सचिव मनीषा ने बताया कि सिलेंडर की अर्थी निकालकर विरोध जताया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

WhatsApp Image 2026-03-20 at 3.22.55 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button