Sports

IPL 2026 : CSK ने KKR को 32 रन से हराया… नूर अहमद की फिरकी में उलझी रही कोलकाता

केकेआर की बल्लेबाजी एक बार फिर फेल, लगातार हार से टीम दबाव में, सैमसन और म्हात्रे की तेज शुरुआत ने चेन्नई को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, आज चिन्नास्वामी स्टेडियम में एलएसजी व आरसीबी के बीच होगा मुकाबला

स्पोर्ट्स डेस्क, 15 अप्रैल 2026:

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 192 रन बनाए, जवाब में कोलकाता की टीम 160 रन ही बना सकी। इस हार के साथ केकेआर अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी, जबकि चेन्नई की यह लगातार दूसरी जीत रही। आज आईपीएल का 23वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

90 के स्कोर तक कोलकाता के छह विकेट गिरे

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत से ही हालत खराब रही। टीम ने ओपनिंग में बदलाव करते हुए फिन एलेन के साथ सुनील नरेन को उतारा, लेकिन यह दांव नहीं चला। एलेन जल्दी आउट हो गए और इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला रुक नहीं पाया। 90 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।

मिडिल आर्डर भी नहीं दे सका सहारा

मिडिल ऑर्डर में रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन से उम्मीद थी, लेकिन दोनों ही कुछ खास नहीं कर सके। इसी दौरान नूर अहमद ने लगातार दो गेंदों पर अजिंक्य रहाणे और ग्रीन को आउट कर मैच पूरी तरह चेन्नई के पक्ष में झुका दिया। नूर हैट्रिक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी गेंदबाजी ने केकेआर की कमर तोड़ दी।

WhatsApp Image 2026-04-15 at 8.03.22 AM

नूर अहमद ने फेर दिया मेहनत पर पानी

आखिर में रमनदीप सिंह और रोवमैन पॉवेल ने सातवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े, मगर तब तक मैच हाथ से निकल चुका था। रमनदीप ने 35 रन बनाए, जबकि पॉवेल 31 रन बनाकर नाबाद रहे। रहाणे ने 28, अंगकृष रघुवंशी ने 27 और नरेन ने 24 रन जोड़े। चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने तीन विकेट लिए, अंशुल कंबोज को दो सफलता मिली, जबकि खलील अहमद और अकील हुसैन ने एक-एक विकेट लिया।

आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन ने पारी संभाली

इससे पहले चेन्नई की शुरुआत तेज रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन ने पारी संभाल ली। दोनों ने तेजी से रन बनाए और टीम का स्कोर पावरप्ले में ही 70 के पार पहुंचा दिया। म्हात्रे ने 17 गेंदों पर 38 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। सैमसन भी अच्छी लय में दिखे और 48 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के बीच तेज साझेदारी ने चेन्नई को मजबूत स्थिति में ला दिया। हालांकि पावरप्ले के बाद केकेआर के गेंदबाजों ने वापसी की और रन गति पर कुछ हद तक ब्रेक लगाया।

मिडिल ओवरों में आगे बढ़ी निर्णायक पारी

मिडिल ओवरों में सरफराज खान और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 51 रन की साझेदारी हुई। ब्रेविस ने 41 रन बनाए, जबकि सरफराज ने 23 रन का योगदान दिया। आखिर में चेन्नई की टीम 192 रन तक पहुंचने में कामयाब रही। कोलकाता की तरफ से कार्तिक त्यागी ने दो विकेट लिए, जबकि सुनील नरेन, अनुकूल रॉय और वैभव अरोड़ा को एक-एक सफलता मिली।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button