Lucknow City

लखनऊ में अवैध निर्माण पर बुलडोजर का कहर, 25 बीघा में प्लाटिंग ध्वस्त, 5 निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण का बीकेटी से कैसरबाग तक सख्त अभियान, बिना नक्शा स्वीकृति चल रहे निर्माणों पर कसी नकेल

लखनऊ, 1 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गुरुवार को बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए बीकेटी क्षेत्र में लगभग 25 बीघा में फैली 5 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में 5 अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

एलडीए के प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय के अनुसार बीकेटी के ग्राम डिगोई, भैसामऊ और मामपुर बाना में विशेष अभियान चलाया गया। यहां कन्हैया, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, इरफान, शमशुद्दीन, संतोष कुमार शुक्ला समेत अन्य लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।

WhatsApp Image 2026-05-01 at 9.30.45 AM

एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 25 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही 5 प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा इंदिरानगर के तकरोही और चिनहट के ग्राम गणेशपुर रहमानपुर में अभिषेक गुप्ता, संग्राम यादव व अन्य द्वारा बनाए जा रहे अवैध रो-हाउस भवनों को सील कर दिया गया।

वहीं, प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि वजीरगंज में हाथी पार्क के सामने इमरान व अन्य द्वारा 160 वर्गमीटर भूखंड और कैसरबाग के नजीराबाद रोड पर शकील व अन्य द्वारा 100 वर्गमीटर भूखंड पर बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था। इन दोनों अवैध भवनों को भी एलडीए ने सील कर दिया।

एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है। एलडीए प्रशासन ने कहा है कि बिना स्वीकृति के किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button