Ayodhya

अयोध्या में भाजपा की डबल जीत का जश्न… पार्टी दफ्तर से हनुमानगढ़ी तक गूंजे नारे

बंगाल और असम में बढ़त के बाद अयोध्या में कार्यकर्ताओं ने जमकर मनाया जश्न, ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच नेताओं ने जीत को जनविश्वास से जोड़ा, झालमुड़ी का भी सबने जायका लिया

अनिल निषाद

अयोध्या, 4 मई 2026:

पश्चिम बंगाल और असम में चुनावी बढ़त के बाद अयोध्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह सड़क से लेकर दफ्तर तक नजर आया। सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में सुबह से ही जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों की आवाज, पटाखों की गूंज और मिठाइयों व झालमुड़ी खाकर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। जय श्री राम, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा।

हनुमानगढ़ी में भी साधु-संतों ने जीत की खुशी मनाई। महंत राजू दास ने समर्थकों के साथ पटाखे जलाए। उनका कहना रहा कि सनातन संस्कृति का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और इसकी राह अब रुकने वाली नहीं है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने इस नतीजे को सिर्फ चुनावी जीत नहीं बताया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रवादी सोच और विकास आधारित कामकाज को जनता की मंजूरी है। उनके मुताबिक बंगाल की जनता ने लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारा है।

WhatsApp Image 2026-05-04 at 5.54.49 PM

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने इसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के भरोसे की जीत बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हो रहा है, जिससे विकास को नई दिशा मिलेगी। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह नतीजा पार्टी की नीतियों और जमीनी काम का असर है। उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के मुद्दे और युवाओं के रोजगार को इस जीत की अहम वजह बताया।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, अवधेश पाण्डेय बादल, कमला शंकर पाण्डेय, महानगर महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, तिलकराम मौर्य, शिवेन्द्र सिंह, रवि सिंह, शिवम् शुक्ला, अखण्ड सिंह डिम्पल, कृष्ण कुमार पांडेय, राघवेंद्र पांडेय मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button