National

मोदी ने पहना बंगाली कुर्ता-पजामा, कहा…लोकतंत्र व संविधान की जीत से अब नया अध्याय शुरू

पांच राज्यों के चुनावी नतीजों पर पार्टी दफ्तर में उत्सव, कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे पीएम मोदी, बंगाल में बदलाव, असम में हैट्रिक और कई राज्यों में बढ़त को लेकर भविष्य की दिशा भी रखी

नई दिल्ली, 4 मई 2026:

पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां माहौल पूरी तरह जश्न में डूबा नजर आया। बंगाली कुर्ता-पाजामा में पहुंचे पीएम का अलग अंदाज चर्चा में रहा। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी, ढोल-नगाड़ों और गीतों के साथ जीत का स्वागत किया।

संबोधन की शुरुआत करते हुए पीएम ने कहा कि यह दिन भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के फल का दिन है। उन्होंने इसे भरोसे, लोकतंत्र की राजनीति की जीत बताया। पीएम ने बंगाल, असम, पुदुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने भाजपा और एनडीए पर विश्वास जताया है। उन्होंने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने यहीं कहा था और आज गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिला है। मैंने काशी में जब नामांकन किया तो भी मैंने कहा था कि मैं न आया हूं न भेजा गया हूं मुझे मां गंगा ने बुलाया है।

WhatsApp Image 2026-05-04 at 9.59.58 PM

बंगाल को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि 4 मई 2026 राज्य के लिए नए दौर की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जनता ने डर, हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारा है। पीएम ने भरोसा दिलाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत की जाएगी, युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे और पलायन पर रोक लगाने के लिए काम होगा। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार की पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी और घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि यह भरोसे की हैट्रिक है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की रफ्तार और तेज होगी और चाय बागान वाले इलाकों तक भाजपा को मिला समर्थन इस बात का संकेत है कि सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंच रही हैं।

पुदुचेरी को लेकर पीएम ने कहा कि पहले रखा गया विजन अब और तेजी से लागू किया जाएगा। उन्होंने वहां के युवाओं और मछुआरा समुदाय को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हितों को ध्यान में रखकर काम करती रहेगी।

पीएम मोदी ने लोकतंत्र को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यहां चुनाव सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि परंपरा और रगों में बहता संस्कार है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड मतदान इस बात का प्रमाण है कि जनता लोकतंत्र में पूरी भागीदारी निभा रही है।

WhatsApp Image 2026-05-04 at 9.59.57 PM

उन्होंने कहा कि देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं और पिछले कुछ सालों में हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार जैसे राज्यों में पार्टी को लगातार समर्थन मिला है। इसे उन्होंने गुड गवर्नेंस और विकास की राजनीति का नतीजा बताया।

बंगाल के संदर्भ में पीएम ने राजनीतिक दलों से अपील की कि अब हिंसा की राजनीति से ऊपर उठकर विकास पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म हो चुके हैं, अब राज्य के भविष्य को लेकर मिलकर काम करने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता भी मुख्यालय पहुंचे। शुरुआती रुझानों में बंगाल में भाजपा की मजबूत बढ़त और असम में प्रचंड जीत के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा। पूरे परिसर में देर शाम तक जश्न का माहौल बना रहा, जहां लगातार मोदी-मोदी व मोदी है तो मुमकिन है के नारे और गीत गूंजते रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button