बाराबंकी, 13 मई 2026:
आठवें वेतन आयोग से बाहर करने व पुरानी पेंशन बहाल न किए जाने और अन्य 10 सूत्री मांगों की अनदेखी से नाराज सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने 18 मई को पूरे प्रदेश में ‘अन्याय के विरुद्ध सतत संघर्ष का संकल्प दिवस’ मनाने का फैसला किया है। यह आयोजन संगठन के संस्थापक नेता स्व. बीएन सिंह की पुण्यतिथि पर किया जाएगा।
बाराबंकी में यह कार्यक्रम 18 मई को अपराह्न तीन बजे लखपेड़ाबाग चौराहा स्थित कर्मचारी यूनियन कार्यालय परिसर में होगा। इस दौरान पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेंगे और स्व. बीएन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
यह निर्णय एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। जिला अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा ने बताया कि संगठन लंबे समय से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और ज्ञापनों के जरिए सरकार का ध्यान पेंशनर्स की समस्याओं की ओर खींचता आ रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनर्स की लगातार अनदेखी की जा रही है। ऐसे में संगठन के पास अपने हक की लड़ाई जारी रखने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। बाबूलाल वर्मा ने कहा कि 18 मई को सभी सदस्य न्याय मिलने तक संघर्ष करते रहने का संकल्प लेंगे। साथ ही स्व. बीएन सिंह के कर्मचारी हितों के लिए किए गए संघर्षों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष सर्वजीत यादव, जिला मंत्री अशोक सोनी, सम्प्रेक्षक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, मुन्नी सिंह, सुरेंद्र कुमार वर्मा, सुशीला वाजपेयी, राजेश कुमार गुप्ता, राम गोपाल चौधरी, मधुकर करेन व संरक्षक रामचंद्र निगम ने भी अपने विचार रखे।






