Lucknow City

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान… मोहनलालगंज में रोपे गए 51 हजार पौधे, लोगों से ये अपील

दयालपुर में जागेश्वर मंदिर परिसर में हुआ कार्यक्रम, फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए, जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 5 जून 2026ः

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज की सभी 78 ग्राम पंचायतों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’अभियान के तहत 51 हजार पौधे रोपे गए। मुख्य कार्यक्रम दयालपुर स्थित जागेश्वर मंदिर परिसर में हुआ।

ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ल और खंड विकास अधिकारी आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने हरिशंकरी का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान एडीओ पंचायत अशोक कुमार यादव, तकनीकी सहायक राजकिशोर शुक्ल, एपीओ उदय राज शर्मा, पंचायत सचिव शशांक शुक्ला व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पप्पू पाल मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधरोपण किया। गोविंदपुर, बिरसिंहपुर, डेवरिया, भरसवा सहित विकास खंड की हर पंचायत में फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पौधों की देखभाल करने और हर अवसर पर पौधरोपण की अपील की।

WhatsApp Image 2026-06-05 at 5.18.06 PM

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण संरक्षण गतिविधि लखनऊ इकाई ने कालेबीर बाबा मंदिर प्रांगण में ‘बीजारोपण से वृक्षारोपण’ अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। जिला धार्मिक प्रमुख रितेश राय ने कहा कि यह मुहिम मानस परिवर्तन का अभियान है। लोग बीज से पौधा बनने तक देखभाल कर रहे हैं। डॉ. आशीष मिश्रा ने जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताते हुए कहा कि वायु जीवन के लिए सबसे जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण सबकी जिम्मेदारी है। अगस्त में वर्षा ऋतु पर ‘प्रकृति वंदन’ कार्यक्रम में बीज से तैयार पौधों का देशभर में एक साथ रोपण होगा। कार्यक्रम में पांच शिव मंदिरों में फलदार पौधे भी लगाए गए।

नगराम क्षेत्र स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली के परिसर में तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने स्टाफ के साथ फलदार व सजावटी पौधे लगाए। परिसर में लीची, चीकू, जामुन, फाइकस, चितवन, नीम, अशोक और पीपल के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय सदरुद्दीनपुर की शिक्षिका विनीता, समाजसेवी राम जी वर्मा, श्यामू वर्मा, केशवराम, जितेंद्र कुमार, गोमती प्रसाद व युवराज शामिल रहे। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओंए अभिभावकों व शिक्षकों से मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने इ उनकी देखभाल करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button