Uttarakhand

महापौरों को धामी का मंत्र… शहर होंगे सशक्त तो विकसित भारत का सपना होगा साकार

ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक में बोले सीएम, 29.78 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया, शहरी विकास और स्वच्छता को बताया विकसित भारत की नींव

योगेंद्र मलिक

ऋषिकेश, 3 जून 2026:

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की कार्यकारी समिति की बैठक में देशभर से आए महापौर को शहरी विकास का नया मंत्र देते हुए कहा कि सशक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बनेंगे। इस अवसर पर उन्होंने 29.78 करोड़ रुपये की तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

बैठक में विभिन्न शहरों के महापौरों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महापौर केवल अपने शहर के प्रथम नागरिक ही नहीं बल्कि वहां के लोगों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उनके निर्णयों का असर आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जहां देश की आत्मा गांवों में बसती है वहीं नागरिकों के सपने और भविष्य की संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे शहरी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने साफ-सफाई की नई संस्कृति विकसित की है, जबकि स्मार्ट सिटी मिशन आधुनिक शहरी विकास का मॉडल बन रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से लाखों लोगों को लाभ मिला है।

WhatsApp Image 2026-06-03 at 2.55.57 PM

उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए धामी ने बताया कि चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। मात्र 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। आदि कैलाश में पहले जहां सालभर में करीब 500 लोग पहुंचते थे वहीं अब प्रतिदिन लगभग एक हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मां पूर्णागिरि धाम में भी 24 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। निराश्रित गौवंशों के लिए आश्रय योजना और श्वानों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना शुरू की गई है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि यदि शहर स्वच्छ होंगे तो भारत स्वच्छ होगा। शहर सुव्यवस्थित होंगे तो देश भी सुव्यवस्थित बनेगा। हर शहर के सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बनने से विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष सहित देशभर के विभिन्न शहरों के महापौर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button