National

दीपके के ‘कॉकरोच’ के बाद एल्विश की ‘तेज दिमाग लंबे कान’ वाली KJP…ट्रोलिंग पर कही ये बड़ी बात

‘खरगोश जनता पार्टी’ के साथ युट्यूबर एल्विश ने की एंट्री, ट्रोलिंग के बाद बोले- मेरा किसी दल से निजी लगाव नहीं, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बीच छात्रों की मांगों का समर्थन, भारत-विरोधी एजेंडा चलाने वालों का विरोध करने की कही बात

न्यूज डेस्क, 12 जून 2026:

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बहस के बीच बिग बॉस ओटीटी सीजन-2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव ने खरगोश जनता पार्टी (केजेपी) का पोस्टर जारी कर नया विवाद खड़ा कर दिया। मुफ्त गाजर व जंतर मंतर का न्यौता का मैसेज वायरल होने पर ट्रोल होने के बाद उन्होंने साफ कहा कि वो छात्रों की मांग का समर्थन करते हैं लेकिन भारत विरोधी एजेंडा चलाने वालों का विरोध करते रहेंगे।

एल्विश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर खरगोश जनता पार्टी (केजेपी) का पोस्टर और मैनिफेस्टो साझा किया। पोस्टर में गाजर हमारा हक, स्पीड हमारी पहचान, खरगोश एकता जिंदाबाद, तेज दिमाग, लंबे कान, सबका विकास गाजर के साथ जैसे नारे लिखे गए थे। इसे कॉकरोच जनता पार्टी के जवाब के तौर पर देखा गया।

इसके कुछ देर बाद एल्विश ने एक और पोस्ट करते हुए लिखा कि वह अब कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों से बहस नहीं करते क्योंकि बहस से बेहतर पेस्ट कंट्रोल काम करता है। इसके बाद उन्होंने एक और पोस्टर साझा किया, जिसमें जंतर-मंतर पहुंचने और सभी को मुफ्त गाजर देने की बात लिखी गई थी।

एल्विश की इन पोस्टों के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। सीजेपी समर्थकों ने उनकी आलोचना शुरू कर दी, जबकि बड़ी संख्या में यूजर्स ने इसे व्यंग्य और ट्रोलिंग की लड़ाई बताया। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि कुछ ही घंटों में यह पोस्ट 20 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंच गई।

विवाद बढ़ने पर एल्विश यादव लाइव आए और अपनी बात रखी। इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट में कहा कि जो लोग उन्हें किसी खास राजनीतिक दल का समर्थक बता रहे हैं, वे यह भी याद रखें कि उनके खिलाफ कथित सांप के जहर मामले में एफआईआर उस समय की भाजपा नेता मेनका गांधी की पहल पर दर्ज कराई गई थी।

एल्विश ने लिखा कि वह सही और गलत का फर्क समझते हैं। उन्होंने छात्रों की जायज मांगों और समस्याओं के समर्थन की बात कही, लेकिन छात्र आंदोलनों की आड़ में भारत-विरोधी एजेंडा चलाने वालों का विरोध जारी रखने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे मामलों में आवाज उठाई है और आगे भी उठाते रहेंगे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button