
लखनऊ, 26 जुलाई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम की सूचना देकर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डालने वाला कानपुर का एक युवक निकला। पहचान करने के बाद आरोपी श्याम सुंदर को पुलिस ने रविवार को कानपुर से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने डायल-112 पर फोन कर एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना दी थी। इसके बाद पूरे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के मुताबिक आधी रात को मोबाइल फोन से कॉल कर एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। रात करीब 12 बजे से 1 बजे तक एयरपोर्ट के हर हिस्से की सघन तलाशी ली गई। सभी प्रवेश द्वारों पर यात्रियों की कड़ी स्क्रीनिंग की गई और उनके सामान की बारीकी से जांच हुई। कार्गो टर्मिनल सहित पूरे एयरपोर्ट परिसर में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
करीब एक घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सूचना को पूरी तरह फर्जी करार दिया और राहत की सांस ली। हालांकि, एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
इस मामले में सरोजनीनगर थाने में रविवार सुबह मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए कॉल करने वाले नंबर की लोकेशन कानपुर में ट्रेस की। जांच के बाद कानपुर के बिधूना क्षेत्र के जयसिंहपुर निवासी श्याम सुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि उसने फर्जी कॉल क्यों की और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी। जांच में कोई बड़ी साजिश सामने आती है तो मामले में और गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।






