Lucknow City

LDA का बड़ा एक्शन : 6 कॉम्प्लेक्स सील, 8 अवैध निर्माणों पर ताला, 30 बीघा में चल रही 13 प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ के अलीगंज में विरोध के बीच शोरूम, रेस्त्रां, निजी बैंक और बिग बॉस्केट गोदाम वाली इमारतों पर कार्रवाई, चिनहट व गोमतीनगर में भी सीलिंग, गोसाईंगंज-बिजनौर-दुबग्गा में गरजा बुलडोजर

लखनऊ, 3 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी में आवासीय जमीन पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने और बिना स्वीकृत ले-आउट के अवैध प्लाटिंग कराने वालों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की सख्ती के बाद प्रवर्तन टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर 6 अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स सील किए। चिनहट और गोमती नगर में 8 अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा गोसाईंगंज, बिजनौर और दुबग्गा में करीब 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 13 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया।
lucknow-lda-action-6-complexes-sealed-13-illegal-platting-demolished (2)

शहर के अलीगंज में यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि चन्द्रलोक कालोनी के सेक्टर-ई, सेक्टर-एफ और सेक्टर-जे समेत अन्य स्थानों पर अभियान चलाया गया। इस दौरान अंशुमान सिंह, शशांक सिसौदिया, मदन गोपाल सिंह, देवरा, विपिन द्विवेदी, मोहित गुप्ता व अन्य द्वारा आवासीय भू-उपयोग में अवैध रूप से निर्मित की गई छह व्यावसायिक इमारतों को सील किया गया।

इन भवनों में आवासीय उपयोग के बजाय बाकायदा शोरूम, रेस्त्रां, निजी बैंक, बिग बॉस्केट गोदाम और बॉक्स स्पोर्ट्स सेंटर जैसी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से विरोध भी किया गया, लेकिन प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई जारी रखी।

ये भी पढ़ें:

इसी क्रम में प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में चिनहट और गोमती नगर में अभियान चला। चिनहट के ग्राम लौलाई, दमरिया, भुजंगीपुरवा, मल्हौर, अशरफ विहार कालोनी तथा गोमती नगर के विराट खण्ड में अवैध निर्माणों को निशाना बनाया गया। यहां आरके शुक्ला, आशुतोष मदेशिया, विवेक सिंह, कल्पना, सुमन पाण्डेय, कैलाश चन्द्र अग्रवाल, अरविंद शर्मा, नेहा शर्मा, कमलेश कुमार तिवारी व अन्य द्वारा किए जा रहे कुल आठ अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।
lucknow-lda-action-6-complexes-sealed-13-illegal-platting-demolished (3)

वहीं, प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने गोसाईंगंज और बिजनौर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। गोसाईंगंज के दाउद नगर में प्रदीप यादव व अन्य करीब छह बीघा और अनिल यादव करीब दो बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग करा रहे थे। बिजनौर के हिमांचल नगर में बृजेश यादव, अतुल वर्मा, नदीम खान व अन्य करीब दो बीघा में प्लाटिंग करा रहे थे। LDA से ले-आउट स्वीकृत कराए बिना की जा रही इन तीनों प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
lucknow-lda-action-6-complexes-sealed-13-illegal-platting-demolished (4)

सबसे बड़ी कार्रवाई प्रवर्तन जोन-7 में हुई। जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि दुबग्गा थाना क्षेत्र के ग्राम जेहटा, जिलहपुर मौरा और अमेठिया सलेमपुर में अभियान चलाकर दिलीप मिश्रा, मोहम्मद कमर, जितेन्द्र कुमार, विजय पाल सिंह, इस्लाम, उमर अली व अन्य द्वारा करीब 20 बीघा में की जा रही 10 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इस तरह एक ही दिन में LDA ने 6 व्यावसायिक इमारतों और 8 अन्य अवैध निर्माणों पर सीलिंग के साथ करीब 30 बीघा में फैली 13 अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई कर अवैध निर्माणकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया है।

ये भी पढ़ें  दिल्ली ब्लास्ट का लखनऊ कनेक्शन : डॉ. शाहीन ने चारबाग के होटल में किसे ठहराया... ATS खोज रही सुराग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button