
लखनऊ, 21 जुलाई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में मेट्रो यात्रियों का सफर अब पहले से कहीं ज्यादा आसान, तेज और स्मार्ट होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने मंगलवार को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की शुरुआत कर दी। ‘एक देश-एक कार्ड’ की संकल्पना पर आधारित यह सुविधा अब लखनऊ मेट्रो के सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध है। इसका शुभारंभ यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने किया। इस दौरान मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
एमडी सुशील कुमार ने बताया कि कानपुर और आगरा के बाद अब लखनऊ मेट्रो भी एनसीएमसी नेटवर्क से जुड़ गई है। इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत इसकी इंटर-ऑपरेबिलिटी है। यानी एक ही कार्ड का इस्तेमाल उन सभी शहरों में किया जा सकेगा जहां एनसीएमसी सुविधा लागू है। मेट्रो के अलावा बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी यह कार्ड काम करेगा। इससे यात्रियों को अलग-अलग कार्ड या टिकट रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फिलहाल यात्रियों के लिए गो स्मार्ट कार्ड और एनसीएमसी कार्ड दोनों से यात्रा की सुविधा जारी रहेगी। हालांकि यूपीएमआरसी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में मौजूद शेष राशि का उपयोग कर लें। जल्द ही एक विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू की जाएगी, जहां 30 दिनों के भीतर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी कार्ड में बदला जा सकेगा।
एनसीएमसी कार्ड के साथ यात्रियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। डेबिट या क्रेडिट कार्ड को भी स्मार्ट कार्ड की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा। देशभर के 23 बैंकों या अन्य मेट्रो द्वारा जारी एनसीएमसी कार्ड पर अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि लखनऊ मेट्रो की हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी।

यह कार्ड सभी मेट्रो स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर और कियोस्क पर उपलब्ध है। कार्ड जारी कराने के लिए केवल मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के जरिए प्रक्रिया पूरी की जा सकती है और किसी केवाईसी की आवश्यकता नहीं होगी। कार्ड जारी करने का शुल्क 100 रुपये (नॉन-रिफंडेबल) रखा गया है।
यात्री एनसीएमसी कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन (TVM), लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप के जरिए यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से आसानी से रिचार्ज भी कर सकेंगे। नई व्यवस्था से लखनऊ मेट्रो का सफर न केवल डिजिटल होगा जिससे देशभर में निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा का रास्ता भी खोलेगा।






