
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 21 जुलाई 2026ः
उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और आजीविका को मजबूत करने के केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा चकराता में तीन दिवसीय ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर एकीकृत संचार व आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। चिल्ड्रन्स पार्क में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगे।

विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इनमें बाल विकास विभाग, खंड विकास विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग और स्वयं सहायता समूहों ने अपनी योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान जौनसार पब्लिक स्कूल चकराता के विद्यार्थियों के लिए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्ति का संदेश दिया।






