National

समंदर से उठी तबाही… फिलीपींस में महाभूकंप से हाहाकार, इमारतें ढहीं, 200 से अधिक घायल

7.8 तीव्रता के भूकंप के तेज झटकों से इमारतें पलभर में धराशायी, सुनामी का खतरा, मिंडानाओ में दहशत के बीच राहत-बचाव अभियान जारी, हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

न्यूज डेस्क, 8 जून 2026:

फिलीपींस सोमवार सुबह उस समय दहल उठा जब दक्षिणी क्षेत्र मिंडानाओ के पास समुद्र के भीतर आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। 7.8 तीव्रता के इस भूकंप के तेज झटकों से कई इमारतें पलभर में धराशायी हो गईं। अभी तक चार लोगों के मारे जाने और 200 से अधिक के घायल होने की खबरें हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या लगातार बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। भूकंप के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

Philippines Earthquake 7.8 Magnitude Causes Destruction (1)

भूकंप का केंद्र मिंडानाओ के सरंगानी प्रांत के तट से दूर समुद्र में स्थित था। झटके इतने तेज थे कि लोग घरों, स्कूलों, दफ्तरों और अस्पतालों से निकलकर खुले मैदानों में पहुंच गए। कई स्कूल भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिहायशी इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में बहुमंजिला इमारतों के हिस्से गिरते और लोग जान बचाने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं।

Philippines Earthquake 7.8 Magnitude Causes Destruction (2)

Advertisement

सबसे भयावह दृश्य एक स्कूल परिसर में देखने को मिला जहां छात्र खुले मैदान में खड़े थे और पीछे की इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। कई अस्पतालों में मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दलों को तैनात कर दिया है।

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस की भूकंप एजेंसी और प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने सुनामी अलर्ट जारी कर दिया। अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी। कुछ इलाकों में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें दर्ज की गईं। शुरुआती चेतावनी में तीन मीटर तक की लहरों की आशंका जताई गई थी। इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की गई।

Philippines Earthquake 7.8 Magnitude Causes Destruction (3)

भूकंप के कारण कई क्षेत्रों में बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो गईं। दर्जनों आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। फिलीपींस सरकार ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों और दिनों तक आफ्टरशॉक का खतरा बना रह सकता है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  पं. बंगाल में भगवा लहर के संकेत! शुरुआती रुझानों में BJP बहुमत पार, ममता पीछे, दक्षिण में भी बदले सियासी समीकरण

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link