नई दिल्ली, 11 मई 2026:
देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित सीआईआई एनुअल बिजनेस समिट-2026 में यूपी की विकास गाथा छाई रही। देशभर से पहुंचे उद्योगपतियों, निवेशकों और कॉरपोरेट जगत के दिग्गजों ने सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुलकर सराहना करते हुए यूपी को देश का सबसे उभरता हुआ निवेश केंद्र बताया। मंच से एक सुर में यह स्वीकार किया गया कि योगी सरकार के नेतृत्व में यूपी ने कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव दर्ज किए हैं।
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने सीएम योगी का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने भारत की आर्थिक प्रगति को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से विकसित हो रही आधारभूत संरचना, निवेश अनुकूल नीतियां और व्यापारिक सुगमता ने यूपी को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल कर दिया है। बनर्जी ने कहा कि विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल गवर्नेंस, नगरीय विकास और युवाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

सीआईआई अध्यक्ष राजीव मेमानी ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव को फिनोमिनल ट्रांसफॉर्मेशन बताते हुए कहा कि अब उद्योग जगत यूपी को नए नजरिए से देख रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से कहा कि देश और विदेश के निवेशकों का भरोसा उत्तर प्रदेश पर लगातार बढ़ रहा है। आपके नेतृत्व में यह भरोसा और मजबूत होगा। उन्होंने योगी सरकार की सुदृढ़ कानून व्यवस्था और तेज प्रशासनिक निर्णय क्षमता की विशेष प्रशंसा की।
समिट में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का विशेष उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन परियोजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी और औद्योगिक संभावनाओं को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि यूपी से होकर गुजरने वाला हर व्यक्ति यहां आए बदलाव को महसूस करता है और उसकी सोच बदल जाती है।
अयोध्या, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकुंभ जैसे सांस्कृतिक आयोजनों की सफलता को भी यूपी की प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि महाकुंभ का सफल आयोजन इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ विकास की नहीं बल्कि कुशल प्रबंधन और वैश्विक पहचान की नई मिसाल बन चुका है।






