
प्रमोद पासी
उन्नाव, 22 जुलाई 2026:
संडीला-चकलवंशी मार्ग पर मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान एक भारी पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय वहां से गुजर रही बाइक सीधे पेड़ की चपेट में आ गई। हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा किशोर घायल हो गया। कुछ ही सेकंड बाद पीछे से आ रहे भाई-बहन भी गिरे पेड़ से टकरा गए, जिनमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
सैलून से वापस लौटते समय हुआ हादसा
औरास क्षेत्र के गोबरा गांव निवासी सुजीत, अपने साथी विशाल के साथ बाइक से कस्बे में बाल कटवाने आया था। दुकान पर ज्यादा भीड़ होने की वजह से दोनों बिना बाल कटवाए वापस घर लौट रहे थे। नर्सरी पुलिया से पहले तेज बारिश के बीच अचानक सड़क किनारे खड़ा हरा पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर गया। बाइक संभालने का मौका नहीं मिला और दोनों उसकी चपेट में आ गए। पेड़ के नीचे दबने से सुजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय विशाल घायल हो गया। सुजीत का शव बाइक पर बैठी ही अवस्था में मिला।

पीछे आ रहे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला, भाई-बहन भी चपेट में आए
हादसे के तुरंत बाद पीछे से बाइक से लौट रहे अंकित, अरुण और उनकी बहन रिंकी भी गिरे हुए पेड़ से टकरा गए। तीनों कस्बे से मोबाइल ठीक कराकर और कपड़े खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। हादसे में रिंकी को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके दोनों भाइयों को भी चोट लगी। उनकी स्पीड अधिक नहीं थी लेकिन करीब आने के कारण उन्हें भी संभलने का मौका नहीं मिल सका।
पुलिस ने हटवाया पेड़, युवती ट्रॉमा सेंटर रेफर
सूचना मिलते ही औरास पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरा पेड़ हटवाया गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औरास पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुजीत को मृत घोषित कर दिया। रिंकी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। विशाल को मामूली चोट होने के कारण इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
परिवार में सबसे छोटा था सुजीत, गांव में मातम
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुजीत अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार और गांव में हादसे के बाद मातम का माहौल है।






