
लखनऊ, 23 सितंबर 2026:
अगर आपको लग रहा था कि मानसून अब विदा हो गया और बारिश से राहत मिलने वाली है, तो फिलहाल ऐसा नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र ने यूपी में एक बार फिर बारिश की दस्तक करा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है जो 28 सितंबर तक जारी रहने के आसार हैं।
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर पूर्वांचल, तराई और मध्य उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी जबकि 25 से 27 सितंबर के बीच मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सबसे अहम दिन 26 सितंबर हो सकता है। इस दिन पूर्वी तराई के जिलों में अति भारी बारिश होने की आशंका है।
लखनऊ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में भी मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 सितंबर के बीच लखनऊ और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को दोपहर बाद लखनऊ के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिल गए।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।

उमस-गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद
बारिश का असर सिर्फ खेतों और सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। यानी उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडल स्तर पर ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।






