प्रयागराज, 23 जून 2026:
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। UP TET 2026 की परीक्षा तिथियों, परीक्षा जनपदों और समय सारिणी की घोषणा कर दी गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बताया है कि परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 केंद्रों पर कराई जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने परीक्षा जनपद की जानकारी कर सकते हैं।
इस बार पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग यूपीटीईटी का आयोजन करा रहा है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 7,84,100 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 12,12,500 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इनमें करीब 3.96 लाख ऐसे अभ्यर्थी हैं, जो दोनों स्तर की परीक्षा में शामिल होंगे।
आयोग ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए उनके गृह जनपद में ही परीक्षा केंद्र बनाए हैं। बाकी अभ्यर्थियों के केंद्र उनके गृह जिले के नजदीकी जनपदों में निर्धारित किए गए हैं। जिन 15 जिलों में केंद्र नहीं बनाए गए हैं, वहां परीक्षार्थियों की संख्या कम होने के कारण उन्हें आसपास के जिलों में परीक्षा देनी होगी।
2 जुलाई को उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी आयोजित होगी। 3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा कराई जाएगी। 4 जुलाई को केवल एक पाली में प्राथमिक स्तर की टीईटी आयोजित की जाएगी।
दो और तीन जुलाई को परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली में और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक दूसरी पाली में होगी। चार जुलाई को परीक्षा सिर्फ सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कराई जाएगी।
आयोग के उप सचिव संजय सिंह के मुताबिक आयोग की वेबसाइट http://upessc.up.gov.in पर परीक्षा जनपद का डिटेल उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं प्रवेश पत्र 30 जून से उपलब्ध होंगें। अभ्यर्थी अपनी जरूरी जानकारी भरकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।






