UP में पहली बार व्यापारी कल्याण दिवस की गूंज, भामाशाह की जयंती पर होंगे ये आयोजन
ओडीओपी प्रदर्शनियों से लेकर भामाशाह पुरस्कार वितरण तक होंगे आयोजन, व्यापारियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा सम्मान, युवाओं को सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश

लखनऊ, 24 जून 2026:
दान, समर्पण, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यूपी सरकार दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर 29 जून को पूरे प्रदेश में पहली बार व्यापक स्तर पर ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ मनाएगी। यह कार्यक्रम व्यापारियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में सेवा, त्याग और राष्ट्रहित की भावना को सशक्त करेगा।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सभी जनपदों और तहसीलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के सहयोग से आयोजन होंगे। इस अवसर पर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनियां और बिक्री स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन को बढ़ावा मिलेगा। उद्यमियों, व्यापारियों और स्वयं सहायता समूहों को अपनी उपलब्धियां प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रमों में दानवीर भामाशाह के जीवन, त्याग और राष्ट्रभक्ति पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। संस्कृति विभाग इसके लिए आवश्यक अभिलेख और प्रदर्शनी सामग्री जनपदों को उपलब्ध कराएगा जिससे अधिक से अधिक लोग भामाशाह के प्रेरणादायी जीवन से परिचित हो सकें।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन होगा। संगीत, नाटक और स्थानीय लोककलाओं के माध्यम से भामाशाह के जीवन और उनके आदर्शों का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
शासनादेश के अनुसार इस अवसर पर भामाशाह पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों के चयन और वितरण की प्रक्रिया राज्य कर विभाग द्वारा संपन्न कराई जाएगी। सरकार ने व्यापारिक संगठनों, व्यापारी कल्याण मंडलों और उद्योग जगत से भी आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। प्रदेशभर के व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों, फर्मों और कंपनियों में व्यापारी कल्याण दिवस मनाएंगे। इस दौरान बैनर, होर्डिंग्स और जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए व्यापारी स्वेच्छा से मिष्ठान, शर्बत और फल आदि का वितरण भी करेंगे।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दानवीर भामाशाह महाराणा प्रताप के घनिष्ठ सहयोगी, मित्र और विश्वस्त सलाहकार थे। संघर्ष के कठिन दौर में उन्होंने अपनी संपूर्ण संपत्ति राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उनका त्याग भारतीय इतिहास में दान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के माध्यम से योगी सरकार उनके आदर्शों को समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।






