NationalUttar Pradesh

दिल्ली कूच पर अड़े किसान, बॉर्डर बने किले! यूपी-हरियाणा में सख्त पहरा, कई जगह जाम और टकराव

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान महापंचायत के लिए निकले जत्थे, दिल्ली सीमा पर बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात, बहादुरगढ़ और शाहाबाद में रोके गए किसान, कई जगह यातायात प्रभावित

न्यूज डेस्क, 21 जुलाई 2026:

भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विरोध में देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों के किसान दिल्ली कूच के लिए रवाना हो गए। राजधानी के किसान घाट पर प्रस्तावित विशाल किसान महापंचायत को देखते हुए दिल्ली से सटे राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। यूपी, हरियाणा और दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कई सीमाओं को बैरिकेडिंग कर किले में तब्दील कर दिया गया है।

दिल्ली पहुंचने वाले किसानों को रोकने के लिए सोमवार देर रात से ही यूपी गेट, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर समेत कई प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। मंगलवार तड़के गाजियाबाद के इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन और टीला मोड़ समेत कई इलाकों में पुलिस ने सीमाएं सील कर दीं। भारी जांच अभियान के चलते कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया। ट्रांस हिंडन के प्रभारी डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सभी वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें दिल्ली की ओर भेजा जा रहा है।
farmers-delhi-chalo-protest-india-us-trade-deal-up-haryana-border-sealed (2)

उधर हरियाणा के सोनीपत जिले में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हल्दाना बॉर्डर से लेकर भिगान टोल प्लाजा और कुंडली बॉर्डर तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर हर छोटे-बड़े वाहन की जांच की जा रही है। भिगान क्षेत्र में एहतियातन सड़क किनारे पत्थर भी रखवाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान जत्थों के रूप में दिल्ली पहुंच सकते हैं। इसलिए इन इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें:

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में अंबाला और पंजाब की ओर से आ रहे किसानों को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। हाईवे पर रेत से भरे डंपर खड़े कर रास्ता बंद किया गया, जबकि बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने मौके पर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
farmers-delhi-chalo-protest-india-us-trade-deal-up-haryana-border-sealed (3)

इसी तरह भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के किसानों की करीब पांच बसों को बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। इसके विरोध में किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
farmers-delhi-chalo-protest-india-us-trade-deal-up-haryana-border-sealed (4)

किसान नेताओं का कहना है कि वे भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में शांतिपूर्ण ढंग से दिल्ली जा रहे थे लेकिन उन्हें राजधानी में प्रवेश से पहले ही रोक दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। वहीं प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की आवाजाही को सुरक्षित रखना है। कई स्थानों पर किसान डटे हुए थे। प्रशासन के साथ वार्ता जारी थी।

ये भी पढ़ें  बेटे को दर्द में देखा न गया... मां ने दी किडनी, बीएचयू में हुआ सफल प्रत्यारोपण

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button