Uttarakhand

कांवड़ यात्रा पर AI व ड्रोन की नजर, VIP मूवमेंट भी रहे बेअसर, धामी की अफसरों को हिदायत

30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने समीक्षा की, अनुशासन के लिए गूंजते रहेंगे संतों के संदेश, सुरक्षा, ट्रैफिक, मेडिकल सुविधा, स्वच्छता पर दिए सख्त निर्देश, महिला श्रद्धालुओं के लिए बनेंगे पिंक टॉयलेट

हरिद्वार, 22 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी इंतजाम तय समय से पहले पूरे कर लिए जाएं। सुरक्षा और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग बेहतर तालमेल के साथ काम करें। उन्होंने कांवड़ियों के स्वागत, भंडारों की व्यवस्था और महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में साफ-सुथरे पिंक टॉयलेट बनाने के भी निर्देश दिए।

उत्तराखंड की पहचान है कांवड़ यात्रा

मेला नियंत्रण भवन में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की प्रशासनिक क्षमता, सेवा भावना और बेहतर प्रबंधन का भी परिचय है। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़ के लक्ष्य के साथ काम करने को कहा ताकि हर श्रद्धालु देवभूमि से अच्छा अनुभव लेकर लौटे।

ये भी पढ़ें:

रिकॉर्ड भीड़ की संभावना, उसी हिसाब से हों इंतजाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल अब तक चारधाम यात्रा में 45 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि 55 हजार से अधिक लोग आदि कैलाश की यात्रा कर चुके हैं। अनुमान है कि इस बार उत्तराखंड में तीर्थयात्रियों की संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले काफी ज्यादा रहेगी। कांवड़ यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं उसी स्तर की होनी चाहिए और धार्मिक परंपराओं का पूरा सम्मान रखा जाए।
kanwar-yatra-2026-cm-dhami-directs-ai-drone-surveillance-haridwar (2)

संतों के संदेश से बढ़ेगा अनुशासन

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धर्माचार्यों और संत समाज के सहयोग से यात्रा का संचालन और बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि संतों और धर्माचार्यों के वीडियो संदेश तैयार कर कांवड़ यात्रियों तक पहुंचाए जाएं ताकि यात्रा अनुशासित और मर्यादित तरीके से पूरी हो।

AI, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर भी कई अहम निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पूरे मेला क्षेत्र में CCTV कैमरे, ड्रोन और AI आधारित निगरानी सिस्टम का इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी शेयर करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
kanwar-yatra-2026-cm-dhami-directs-ai-drone-surveillance-haridwar (3)

VIP मूवमेंट से प्रभावित नहीं होगी यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्लान का सख्ती से पालन कराया जाए। जरूरत के मुताबिक कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए अलग यातायात व्यवस्था बनाई जाए ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी हालत में VIP मूवमेंट की वजह से कांवड़ यात्रा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

मेडिकल और आपदा प्रबंधन पर खास जोर

मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात करने के साथ SDRF, NDRF, जल पुलिस और फायर सर्विस को पूरी तरह अलर्ट रखने को कहा। भारी बारिश, जलभराव या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने पर भी जोर दिया गया।
kanwar-yatra-2026-cm-dhami-directs-ai-drone-surveillance-haridwar (4)

स्वच्छता, फूड क्वालिटी और महिला सुरक्षा पर निर्देश

उन्होंने कांवड़ मार्ग पर पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, रोशनी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नो प्लास्टिक अभियान को सख्ती से लागू करने और यात्रा खत्म होने के बाद तुरंत सफाई कराने के निर्देश भी दिए। होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने, लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रदर्शित करने को कहा गया। हर की पैड़ी, कांगड़ा पुल और प्रमुख घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने, महिला पुलिस और हेल्प डेस्क सक्रिय रखने, अतिक्रमण हटाने और तय मानकों से ऊंची कांवड़ व तेज आवाज वाले डीजे वाहनों पर नियंत्रण रखने के भी निर्देश दिए।

महाकुंभ 2027 की तैयारियां भी नहीं रुकेंगी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान महाकुंभ 2027 की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। दोनों कार्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सभी विकास कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं। बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री मुख्य सचिव समेत तमाम अफसर मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  2031 की नई डेडलाइन... लखवाड़ परियोजना पर मुख्य सचिव सख्त, बढ़ेगी मशीन और मैनपावर

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button