CrimeHardoi City

सिर पर बड़े बेटे की हत्या का आरोप, जमानत मिलने पर छोटे बेटे से भी विवाद, पिता ने दे दी जान

छोटे बेटे दिनेश और बहू से हुआ था विवाद, गुस्से में घर से निकल गए थे 73 साल के पुत्तू, घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर लुंगी का फंदा लगाकर दी जान, 2024 में बड़े बेटे सुरेश की हत्या के मामले में पिता और छोटा बेटा दोनों गिरफ्तार हुए थे, चार महीने पहले मिली थी जमानत

हरदोई, 28 जुलाई 2026:

हरदोई के अतरौली में बड़े बेटे की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर चल रहे 73 वर्षीय पुत्तू ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उनका छोटे बेटे दिनेश और बहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बात बढ़ने पर पुत्तू ने जान देने की बात कही और घर से निकल गए।

दो साल पहले बड़े बेटे की हुई थी हत्या

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, पुत्तू घर से करीब 70 से 100 मीटर दूर पहुंचे। वहां उन्होंने जामुन के पेड़ पर अपनी लुंगी से फंदा बनाया और उससे लटक गए। लोगों को घटना की जानकारी हुई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुत्तू की मौत हो चुकी थी। पुत्तू के बड़े बेटे सुरेश की 19 मार्च 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय पुत्तू ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कुछ ही दिनों में कहानी बदल गई।

ये भी पढ़ें:

जांच में पिता और भाई पर आया शक

पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया था कि सुरेश के व्यवहार से परेशान होकर उसके पिता पुत्तू और छोटे भाई दिनेश ने मिलकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब चार महीने पहले दोनों को जमानत मिल गई थी।

जमानत के बाद छोटे बेटे के साथ रह रहे थे

जेल से बाहर आने के बाद पुत्तू अपने छोटे बेटे दिनेश के साथ ही गांव में रह रहे थे। सोमवार सुबह दोनों के बीच विवाद के बाद पुत्तू घर से निकले और कुछ दूरी पर जाकर पेड़ से लटक गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

वारदात, पुलिस केस के बाद रिश्तों में आ गई थी खटास

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि वारदात के बाद आपसी रिश्तों में और खटास आ गई थी। सभी मुकदमे और जुर्म से परेशान थे ऐसे में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। इसी बीच बात इतनी आगे बढ़ गई कि पुत्तू को खुदकुशी का फैसला लेना पड़ा।

ये भी पढ़ें  जमशेदपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या, सड़क के किनारे झाड़ियों में मिला शव

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button