
हरदोई, 28 जुलाई 2026:
हरदोई के अतरौली में बड़े बेटे की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर चल रहे 73 वर्षीय पुत्तू ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उनका छोटे बेटे दिनेश और बहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बात बढ़ने पर पुत्तू ने जान देने की बात कही और घर से निकल गए।
दो साल पहले बड़े बेटे की हुई थी हत्या
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, पुत्तू घर से करीब 70 से 100 मीटर दूर पहुंचे। वहां उन्होंने जामुन के पेड़ पर अपनी लुंगी से फंदा बनाया और उससे लटक गए। लोगों को घटना की जानकारी हुई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुत्तू की मौत हो चुकी थी। पुत्तू के बड़े बेटे सुरेश की 19 मार्च 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय पुत्तू ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कुछ ही दिनों में कहानी बदल गई।
जांच में पिता और भाई पर आया शक
पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया था कि सुरेश के व्यवहार से परेशान होकर उसके पिता पुत्तू और छोटे भाई दिनेश ने मिलकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब चार महीने पहले दोनों को जमानत मिल गई थी।
जमानत के बाद छोटे बेटे के साथ रह रहे थे
जेल से बाहर आने के बाद पुत्तू अपने छोटे बेटे दिनेश के साथ ही गांव में रह रहे थे। सोमवार सुबह दोनों के बीच विवाद के बाद पुत्तू घर से निकले और कुछ दूरी पर जाकर पेड़ से लटक गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
वारदात, पुलिस केस के बाद रिश्तों में आ गई थी खटास
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि वारदात के बाद आपसी रिश्तों में और खटास आ गई थी। सभी मुकदमे और जुर्म से परेशान थे ऐसे में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। इसी बीच बात इतनी आगे बढ़ गई कि पुत्तू को खुदकुशी का फैसला लेना पड़ा।






