
गोरखपुर, 29 जुलाई 2026ः
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर लोक कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ सहित नाथ पंत के गुरुजनों को भी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सीएम ने मंदिर परिसर में ही जनता दर्शन लगाया। इसमें विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।
सीएम योगी ने गुरुजनों और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है, उनकी कृपा से ही शिष्य को धर्म, विवेक और ‘राष्ट्र आराधना’ की प्रेरणा मिलती है। कहा कि मानवता का पथ-प्रदर्शन कर एक श्रेष्ठ व संस्कारवान समाज का निर्माण करने वाले सभी गुरुजनों को नमन है।

गोरखपुर प्रवास के दौरान बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की व्यस्तता के बावजूद सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। इसमें विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक समस्या के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक पहल नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए समर्पित है।
उन्होंने जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों के पास सीएम खुद पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। सभी शिकायतों का समाधान कराया जाएगा। कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का निराकरण करना सरकार की प्राथमिकता है।






