
योगेंद्र मलिक/राजकिशोर तिवारी
हरिद्वार/देहरादून, 16 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर प्रदेश भर में कार्यक्रमों का दौर चला। कैबिनेट मंत्री पूरे दिन कार्यक्रमों में व्यस्त रहे। सभी ने सीएम को शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने श्री महाराजा अग्रसेन घाट पर मां गंगा का पूजन और दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने मां गंगा से सीएम के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं, बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ केक काटकर सीएम धामी के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

मदन कौशिक ने मां गंगा का पूजन करने के बाद सीएम धामी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीएम के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार प्रदेश के विकास व जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है और उत्तराखंड को आगे ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गंगा पूजन के दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की भी कामना की। इस अवसर पर मेयर नगर निगम हरिद्वार किरन जैसल, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी,जिला भाजपा महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा संदीप गोयल, जिला उपाध्यक्ष भाजपा तरुण नय्यर, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता राजकुमार अरोड़ा व दीपांशु विद्यार्थी मौजूद रहे।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने केदारपुरम स्थित राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ केक काटकर सीएम धामी के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया,जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। रेखा आर्या ने कहा कि सीएम बच्चों के लिए ‘मामा’ हैं और वह स्वयं ‘बुआ’ के रूप में उनके साथ सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं। सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य, उनके सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि राजकीय शिशु सदनों में रह रहे प्रत्येक बच्चे को बेहतर अवसर, सुरक्षित वातावरण, उचित देखभाल और अपने सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक सहयोग मिले।

रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से कोविड-19 महामारी या अन्य बीमारियों के कारण माता-पिता अथवा संरक्षक को खोने वाले बच्चों की देखभाल, पुनर्वास और आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। इसके तहत पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। खेलों में प्रतिभा रखने वाले बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से चयनित युवा खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। मंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए नंदा गौरा योजना भी संचालित कर रही है।






