खिलाड़ियों को बैडमिंटन कोर्ट की सौगात, धामी बोले- महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनने से मिलेंगे बेहतर अवसर
सीएम ने बनबसा में विकास कार्यों का किया शुभारंभ, खेल किट बांटी, कहा- क्रिटिकल केयर ब्लॉक, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल व धार्मिक पर्यटन से जुड़े कार्यों से चम्पावत के विकास को मिलेगी गति

चम्पावत, 19 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ व शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सीएम ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। खेल किट खिलाड़ियों को अभ्यास व प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासनपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया।
‘आदर्श चम्पावत’ से साकार होगी ‘आदर्श उत्तराखंड’ की परिकल्पना
धामी ने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना ‘आदर्श उत्तराखंड’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य से खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और खेल के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
टनकपुर में बन रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र की परिवहन एवं संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित करेंगे।
कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास
धामी ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये की लागत से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।

सीएम ने टाटा योद्धा वाहनों को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने के साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






