बाराबंकी न्यूज : स्कूल में चार साल की बच्ची से दरिंदगी, प्रधानाचार्य समेत पांच पर FIR
मां का आरोप, बेटी के निजी अंग से खून निकलता मिला, प्रधानाचार्य व शिक्षकों ने की अभद्रता, पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो ली कोर्ट की शरण
बाराबंकी, 27 अक्टूबर 2026:
यूपी के बाराबंकी जिले के फतेहपुर क्षेत्र में चार साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। इस अमानवीय हरकत के मामले में बच्ची की मां ने एफआईआर दर्ज कराई है। प्रधानाचार्य समेत पांच सहायक अध्यापकों को नामजद किया गया है। इसमें एक महिला शिक्षक भी शामिल है।
मां को फोन करके बताया कि कपड़े लेकर आओ
कस्बा फतेहपुर में रहने वाली महिला के मुताबिक उसकी चार साल की बच्ची एक इंटर कालेज में केजी की छात्रा है। वो रोजाना की तरह स्कूल गई थी। सुबह करीब 11:40 बजे मोबाइल पर फोन कर बच्ची के कपड़े लेकर आने को कहा गया। परिजन स्कूल पहुंचे तो बच्ची की पैंट पर खून लगा मिला। पूछताछ करने पर शिक्षिका ने बताया कि बच्ची के साथ कक्षा में नहीं, बल्कि बाथरूम में कुछ हुआ है।
डॉक्टर ने बताया निजी अंग में चोट आने की बात
इसके बाद परिजन बच्ची को डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच के दौरान बच्ची के निजी अंग में सूजन व अंदरूनी चोट होने की जानकारी दी। परिजन स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य को डॉक्टर की बात बताई। आरोप है कि इस दौरान प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षकों ने उनके साथ गाली-गलौज की। बच्ची के पिता के साथ मारपीट की गई व शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
कोर्ट ने सुनी मां की फरियाद, यौन उत्पीड़न का केस दर्ज
शिकायत में स्कूल के सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाने व फुटेज हटाकर साक्ष्य मिटाने का आरोप भी लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस से की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। बाद में बच्ची का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद महिला ने विशेष न्यायाधीश पॉक्सो न्यायालय में अर्जी देकर कार्रवाई की मांग की। कोर्ट के आदेश पर फतेहपुर कोतवाली में यौन उत्पीड़न व धमकी देने के आरोप के तहत केस दर्ज हुआ है।






