हरदोई न्यूज : जमीन पर कब्जे की लड़ाई में बरसाईं लाठियां, बुजुर्ग की जान गई, 12 घायल
बघौली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुआ टकराव, दूसरे पक्ष का संजीव अस्पताल में जिंदगी-मौत से जूझ रहा, मृतक के परिवार में सात बेटियां एक बेटा

हरदोई, 4 नवंबर 2026:
यूपी के हरदोई में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। बघौली क्षेत्र के सिरदारपुर गांव में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस मारपीट में करीब 12 लोग घायल हो गए। गंभीर चोट लगने से राजेंद्र (60) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के संजीव (40) की हालत नाजुक बनी हुई है।
जमीन को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
बघौली क्षेत्र की अड़ंगापुर ग्राम पंचायत के मजरा सिरदारपुर मे राजेंद्र का संजीव से जमीन पर कब्जेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात करीब 8 बजे इसी मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे।

अस्पताल पहुंचने से पहले राजेंद्र ने तोड़ा दम
मारपीट में दोनों पक्षों के करीब 12 लोग घायल हुए। राजेंद्र को गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूसरे पक्ष के संजीव को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बाकी घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजेंद्र के परिवार में सात बेटियां एक बेटा है। इनमें तीन बेटियों के साथ बेटे की शादी हो चुकी है। वह भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है।
अवगत कराना है कि दिनांक 03.11.2026 को थाना बघौली क्षेत्रान्तर्गत सिरदारपुरवा मजरा अडंगापुर में दो पक्षो के मध्य जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर घायलो को अविलम्ब उपचार हेतु अस्पताल भेजवाया गया । अस्पताल पहुचाने पर राजेन्द्र पुत्र राम प्रसाद को चिकित्सको द्वारा मृत घोषित कर दिया गया है । इस संबंध में पीडित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रतिवादी 3 नफर अभियुक्तों को उपचाराधीन होने के कारण पुलिस निगरानी मे रखा गया है।अन्य वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री सुबोध गौतम द्वारा दी गयी बाइट-
@Uppolice @Igrangelucknow @adgzonelucknow @dgpup— Hardoi Police (@hardoipolice) November 4, 2026
गांव में पुलिस का पहरा, तीन आरोपियों का निगरानी में चल रहा इलाज
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है। सीओ बघौली प्रभा पटेल ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। केस दर्ज होने के बाद घायल हुए तीन आरोपियों का पुलिस की निगरानी में इलाज चल रहा है।






