नदी किनारे गड्ढे में मिला हिस्ट्रीशीटर का शव… भाई ने जताई अनहोनी की आशंका
सीने पर रखे थे दोनों हाथ, पुलिस ने नशे में गिरने से मौत की आशंका जताई, परिवार को अनहोनी का शक
बाराबंकी, 29 जुलाई 2026:
तस्करी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद और हिस्ट्रीशीटर रहे नथई का शव गोमती नदी के किनारे पानी से भरे एक गड्ढे में मिला है। पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के कैथी गांव निवासी 35 वर्षीय नथई का शव गांव से लगभग 400 मीटर दूर गोमती किनारे स्थित पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला। शव देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने संदिग्ध हालात का हवाला देते हुए अनहोनी की आशंका जताई।
नथई के चचेरे भाई सर्वेश के अनुसार, शव मिलने के समय नथई के दोनों हाथ सीने पर बंधी हुई अवस्था में थे। उनका कहना है कि यदि नथई पानी में गिरा होता, तो हाथ इस तरह बंधे नहीं होते। इसी आधार पर परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताया है।
पुलिस के मुताबिक, नथई पर सुबेहा थाने में आठ मुकदमे दर्ज थे, जबकि मवई सहित अन्य थानों में भी उसके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं। वर्ष 2001 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी और वह लगातार पुलिस की निगरानी में था।
नथई वर्तमान में परिवार से अलग रहता था और मछली पकड़ने का काम करता था। वह शराब का आदी भी था। प्रथम दृष्टया नशे की हालत में गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।






