Lucknow City

लखनऊ में आज रात से ट्रैफिक डायवर्जन… इन रास्तों से बचें वरना फंसेंगे जाम में

महाशिवरात्रि पर रविवार तड़के से शिव मंदिरों में उमड़ेंगे श्रद्धालु, मनकामेश्वर मंदिर और बुद्धेश्वर मंदिर के आसपास विशेष भीड़ प्रबंधन, आगरा एक्सप्रेसवे से सीतापुर रोड जाने वाले वाहन भी किए जाएंगे डायवर्ट

लखनऊ, 14 फरवरी 2026:

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार तड़के से यूपी की राजधानी लखनऊ के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई इलाकों में डायवर्जन व्यवस्था लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। ट्रैफिक डायवर्जन आज रात 12 बजे से प्लागू करने की तैयारी है। भीड़ की स्थिति के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।

डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू आवागमन के लिए प्रमुख मंदिरों के आसपास वाहनों की आवाजाही सीमित की जाएगी। इस दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को डायवर्जन से पूरी छूट रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मंदिरों के आसपास निजी वाहनों से जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

शहर के प्रमुख शिव मंदिरों जैसे मनकामेश्वर मंदिर और बुद्धेश्वर मंदिर के आसपास विशेष भीड़ प्रबंधन किया जाएगा। डालीगंज, नदवा, बुद्धेश्वर, दुबग्गा, मानकनगर और बालागंज जैसे इलाकों में यातायात पर रोक या मार्ग परिवर्तन रहेगा।

ये भी पढ़ें:

डायवर्जन के तहत डालीगंज इक्का तांगा स्टैंड चौराहे से मनकामेश्वर मंदिर की ओर जाने वाला सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह वाहन आईटी चौराहा या डालीगंज पुल होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। नदवा बंधा तिराहे से भी मंदिर की तरफ सीधी एंट्री नहीं मिलेगी। उधर, बुद्धेश्वर चौराहे की ओर से मंदिर जाने वाले सभी वाहनों को रोककर बुद्धेश्वर ओवरब्रिज के ऊपर से डायवर्ट किया जाएगा।

Advertisement

आगरा एक्सप्रेसवे की ओर से सीतापुर रोड जाने वाले वाहन मोहान मोड़ से तिकोनिया तिराहा होते हुए निकलेंगे। दुबग्गा, बाराबिरवा और मानकनगर की दिशा से आने-जाने वाले वाहनों को भी बुद्धेश्वर ओवरब्रिज का उपयोग करना होगा। बालागंज से चौक, घंटाघर और कोनेश्वर की ओर जाने वाला ट्रैफिक बंधा ग्रीन कॉरिडोर और कुड़ियाघाट के रास्ते भेजा जाएगा जबकि चरक चौराहे से आने वाला यातायात रूमी गेट होते हुए डायवर्ट होगा।

ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें और निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें।

ये भी पढ़ें  ग्रामीण क्षेत्र तक हवाई पहुंच की तैयारी : लखनऊ मंडल के हर जिले में ब्लॉक मुख्यालय तक बनेंगे हैलीपैड

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link