Uttar Pradesh

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा… बस की टक्कर से उड़े वैन के परखच्चे, छह की मौत, कई घायल

हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में माइलस्टोन 141 के पास भोर में हुआ हादसा, मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल, दिल्ली से राजस्थान घर लौट रहे थे सभी लोग, मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना

हाथरस, 3 मार्च 2026 :

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7-9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 141 के पास लगभग 4 बजे हुआ। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस अनियंत्रित हो गई और दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रही ईको वैन कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन उछलकर 10 फीट दूर जा गिरा।

ईको में लगभग 13 लोग सवार थे, ये लोग होली के अवसर पर दिल्ली से घर लौट रहे थे। मौके पर 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 महिलाएं और कुछ बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों और घायलों में ज्यादातर राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी हैं। हादसे का मुख्य कारण बस चालक द्वारा ओवर स्पीडिंग या नियंत्रण खोना माना जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया। सादाबाद पुलिस ने दोनों वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में ओवर स्पीडिंग, चालकों की लापरवाही, वाहनों की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

हादसे में पति-पत्नी समेत इनकी हुई मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में आगरा के रहने वाले विजय व इनकी पत्नी पिंकी, नाथू देवी, वहीं राजस्थान में धौलपुर के रहने वाले दिनेश व इनकी पत्नी सुनीता व लोकेश के रूप में शिनाख्त हुई है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुए सड़क हादसे का लिया संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button