Gorakhpur

गोरखपुर में हाईवे किनारे कार में युवक का शव मिला…मौत की गुत्थी उलझी

बिगही बारी गांव के पास खड़ी i20 कार में मिला शव, मृतक की पहचान नौतनवा निवासी गणेश जायसवाल के रूप में हुई, मौत की ठोस वजह तलाश रही पुलिस

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 13 मार्च 2026:

गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़ी एक कार के अंदर युवक का शव मिलने का मामला सामने आया है। घटना बिगही बारी गांव के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

पीपीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे खड़ी एक i20 कार पर पड़ी। कार काफी देर से वहीं खड़ी थी। अंदर एक युवक अचेत हालत में दिखाई देने पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर मौजूद युवक को बाहर निकालकर देखा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ये भी पढ़ें:

जांच के दौरान मृतक की पहचान 38 वर्षीय गणेश जायसवाल के रूप में हुई है। वह महाराजगंज जिले के नौतनवा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौत स्वाभाविक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस कार की भी जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इसके साथ ही पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पीपीगंज पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  एफसीसी लाइन पर डिरेल हुई मालगाड़ी, पटरी से उतरीं तीन बोगियां... हादसा टला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button