Gorakhpur

राहुल गांधी जहां जाते हैं वहीं बंटाधार… शिवराज चौहान का हमला, बोले… बंगाल में ममता की विदाई तय

गोरखपुर पहुंचे केंद्रीय कृषि ने किसानों को खाद की कमी नहीं होने का दिया भरोसा, विपक्ष पर साधा निशाना, बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा दावा

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 25 मार्च 2026:

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोरखपुर दौरे के दौरान बुधवार को किसानों, पश्चिम बंगाल चुनाव और विपक्षी नेताओं को लेकर कई तीखे बयान दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में फर्टिलाइजर की कोई कमी नहीं है। सरकार किसानों की जरूरतों को लेकर पूरी तरह सजग है।

मंत्री ने बताया कि बुधवार सुबह ही एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कुछ चुनौतियां जरूर हैं लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर समस्या का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है जिससे किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो।

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चौहान ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ममता बनर्जी अब सभी पदों से जाने वाली हैं। चुनाव के बाद उनका मुख्यमंत्री पद भी समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार केंद्र की कृषि योजनाओं को लागू नहीं होने दे रही और घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी के पांव पड़ते हैं, वहां-वहां बंटाधार हो जाता है।उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी की बयानबाजी और कार्यशैली अक्सर भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से फायदेमंद साबित होती है।

इसके साथ ही उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य विपक्षी नेताओं के बयानों को राजनीतिक अवसरवाद करार देते हुए कहा कि जनता अब ऐसे बयानों को समझ चुकी है और आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button