स्पोर्ट्स डेस्क, 16 अप्रैल 2026:
आईपीएल 2026 में बुधवार को खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। 147 रन के लक्ष्य को आरसीबी ने 15.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज का मुकाबला मुंबई इंडियंस व पंजाब किंग्स के बीच होगा। पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और अब तक अपने पहले खिताब के लिए तरस रही व पंजाब किंग्स भी पिछले साल की फाइनलिस्ट रह चुकी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम 20 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। जवाब में आरसीबी ने तेज शुरुआत के साथ मैच पर पकड़ बना ली और आसानी से जीत दर्ज की। लखनऊ की शुरुआत ठीक रही। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने शुरुआती ओवरों में रन जोड़े, लेकिन मार्करम ज्यादा देर टिक नहीं सके।

कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर आए जरूर, मगर तीसरी ही गेंद पर चोटिल होकर मैदान छोड़ना पड़ा। बाद में लौटे भी, लेकिन कोई खास असर नहीं डाल सके। मार्श ने 40 रन बनाए, वहीं आयुष बडोनी और मुकुल चौधरी ने कुछ हद तक पारी संभाली, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।
आरसीबी की ओर से रसिख सलाम डार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट झटके और आखिरी ओवरों में लखनऊ की कमर तोड़ दी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को शुरुआती झटका लगा, लेकिन इसके बाद विराट कोहली ने पारी को संभाला। उन्होंने 49 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। देवदत्त पडिक्कल के साथ उनकी साझेदारी ने मैच का रुख तय कर दिया। मध्यक्रम में रजत पाटीदार और जितेश शर्मा ने तेजी से रन जोड़े। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने बिना दबाव के मैच खत्म कर दिया।
इस जीत के साथ आरसीबी के पांच मैच में चार जीत हो गई हैं और टीम आठ अंक के साथ टेबल में नंबर एक पर पहुंच गई है। वहीं लखनऊ की टीम पांच मैच में सिर्फ दो जीत के साथ नीचे खिसक गई है।






