अयोध्या, 24 अप्रैल 2026:
राम मंदिर में दर्शन की ऑनलाइन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने वेबसाइट से ‘विशिष्ट दर्शन’ का विकल्प हटा दिया है। अब श्रद्धालुओं के लिए सिर्फ सुगम दर्शन और सामान्य दर्शन की सुविधा ही उपलब्ध है।
इस बदलाव के बाद ऑनलाइन बुकिंग करने वाले सभी श्रद्धालु अब तय श्रेणियों में ही पंजीकरण कर सकेंगे। ट्रस्ट का फोकस व्यवस्था को आसान बनाने पर है, जिससे दर्शन प्रक्रिया में एकरूपता बनी रहे। मौजूदा स्थिति यह है कि 30 अप्रैल तक के सभी स्लॉट पहले ही भर चुके हैं। इससे साफ है कि मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी हुई है।
सुगम दर्शन पास लेने पर श्रद्धालु रामलला और राम परिवार के दर्शन कर सकेंगे। वहीं सामान्य दर्शन पास में रामलला, राम परिवार के साथ सप्तमंडपम और कुबेर टीला के दर्शन भी शामिल हैं। एक और अहम बदलाव पास की संख्या को लेकर किया गया है। अब एक पास पर अधिकतम 5 श्रद्धालुओं को ही दर्शन की इजाजत है। पहले यह संख्या 8 तक थी, जिसे घटा दिया गया है। ट्रस्ट के इस फैसले को दर्शन व्यवस्था में संतुलन और साफ-सुथरी प्रक्रिया की दिशा में कदम माना जा रहा है।






