Uttar Pradesh

मेरठ से प्रयागराज अब 6 घंटे… PM मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, UP को नई उड़ान

कहा कि मां गंगा का आशीर्वाद बना विकास की लाइफलाइन, बंगाल चुनाव से लेकर विपक्ष पर भी साधा निशाना, 36,230 करोड़ की लागत से बने 594 किमी लंबे एक्सप्रेसवे से प्रदेश की रफ्तार हुई तेज

हरदोई/लखनऊ, 29 अप्रैल 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूपी के हरदोई में बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई दिशा दी। करीब 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज तक की यात्रा का समय 10-12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर पीएम मोदी ने इसे मां गंगा का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि जैसे गंगा हजारों वर्षों से देश की जीवनरेखा रही है उसी तरह यह एक्सप्रेसवे आधुनिक भारत में विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने कहा कि अब लोग कुछ ही घंटों में संगम पहुंचेंगे और काशी में बाबा के दर्शन कर लौट सकेंगे। प्रधानमंत्री ने यूपी सरकार द्वारा इस परियोजना का नाम मां गंगा के नाम पर रखने की सराहना करते हुए कहा कि इसमें विकास और विरासत दोनों का समन्वय दिखाई देता है।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 2.11.17 PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे न केवल यूपी के एक छोर को दूसरे छोर से जोड़ता है बल्कि एनसीआर की आर्थिक संभावनाओं को भी प्रदेश के अन्य हिस्सों के करीब लाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू प्रदेश कहलाने वाला उत्तर प्रदेश आज तेज विकास के पथ पर अग्रसर है। यहां की युवा शक्ति को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था और योजनाएं फाइलों में ही उलझी रहती थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार में शिलान्यास के साथ तय समय में लोकार्पण भी सुनिश्चित होता है। उन्होंने हाल ही में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में बन रहे एक्सप्रेसवे विकसित भारत की आधुनिक हस्तरेखाएं हैं।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में इस बार लोग निर्भीक होकर मतदान कर रहे हैं। यह मजबूत लोकतंत्र का प्रतीक है। उन्होंने भारी मतदान के लिए बंगाल की जनता का आभार व्यक्त किया।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 2.10.29 PM

इसके साथ ही पीएम मोदी ने विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के खिलाफ वोट कर विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति से ऊपर नहीं उठ पा रहा है और विकास विरोधी रवैया अपनाए हुए है।

प्रधानमंत्री ने देश की मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां दुनिया के कई देश अस्थिरता और संघर्ष से जूझ रहे हैं वहीं भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के जरिए देश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसमें गंगा एक्सप्रेसवे एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button