योगेंद्र मलिक
देहरादून, 1 जून 2026:
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए सोमवार का दिन खास रहा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित समारोह में कई विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने नवचयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ नौकरी मिलने का मौका नहीं, बल्कि जनता की सेवा से जुड़ी नई जिम्मेदारी की शुरुआत है।
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं। सीएम ने कहा कि युवाओं ने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और धैर्य के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। नकल माफिया और भर्ती घोटालों पर रोक लगाने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसका असर भर्ती व्यवस्था में साफ दिखाई दे रहा है।

धामी ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में करीब 33 हजार युवाओं को पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की अपील की। उनका कहना था कि जब योग्य और मेहनती युवा व्यवस्था का हिस्सा बनते हैं तो सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से जुड़े कर्मचारी प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे। प्राविधिक शिक्षा विभाग में चयनित अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देने का काम करेंगे। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ और बाल कल्याण से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि वन विभाग में चयनित युवा प्रदेश की वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। राज्य सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है जहां घोषणाओं से ज्यादा काम और वादों से ज्यादा परिणाम को महत्व दिया जाता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, डॉ. आर राजेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
READ MORE






