
बाराबंकी, 4 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी जिले में 30 साल के पिकअप चालक सतीश यादव का शव शुक्रवार को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर माती क्षेत्र में आम के पेड़ से लटका मिला। उसकी जेब से कॉपी के कई पन्नों पर लिखा Suicide Note मिला है। इसमें पत्नी मोनिका समेत उसके भाइयों उमेश व दिनेश पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
पिकअप खड़ी मिली, कुछ दूरी पर मिला शव
कुर्सी क्षेत्र के भेड़हापुर गांव निवासी सतीश पिकअप चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। शुक्रवार को वह पिकअप लेकर घर से निकला था। बाद में उसकी गाड़ी माती क्षेत्र में खड़ी मिली। आसपास तलाश करने पर कुछ दूरी पर आम के पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर तलाशी ली। इसी दौरान उसकी जेब से कॉपी के कई पन्ने मिले, जिन पर सुसाइड नोट लिखा था।
पत्नी व ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप
पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट में सतीश ने अपनी पत्नी मोनिका को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। उसने पत्नी के भाइयों उमेश व दिनेश पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नोट में वैवाहिक विवाद से जुड़ी कई बातें लिखी होने की बात सामने आई है।

‘बस कभी शादी मत करना’ वाली लाइन चर्चा में
सुसाइड नोट के एक पन्ने पर लिखी लाइन ‘बस, कभी शादी मत करना’ ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब नोट में लिखी बातों की जांच कर रही है। साथ ही सतीश व उसकी पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बारे में परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
माती क्षेत्र के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में पत्नी व उसके भाइयों से विवाद के बाद आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच के साथ मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।






