Harry Potter TV Series Trailer: नए चेहरों के साथ लौटा मैजिक, क्रिसमस पर रिलीज का ऐलान
HBO ने ट्रेलर में पहली बार दिखाए नए हैरी, रॉन व हरमाइनी के लुक, सीरीज का पहला सीजन ‘Harry Potter and the Philosopher’s Stone’ पर आधारित होगा
एंटरटेनमेंट डेस्क, 26 मार्च 2026:
हॉलीवुड की चर्चित फ्रेंचाइजी Harry Potter एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने जा रही है। HBO की अपकमिंग टीवी सीरीज का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसमें नए कलाकारों के साथ पूरी दुनिया को फिर से हॉगवर्ट्स की सैर कराई गई है।
ट्रेलर के साथ मेकर्स ने रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया है। यह सीरीज अब क्रिसमस 2026 पर रिलीज होगी। पहले इसके अगले साल आने की चर्चा थी, लेकिन अब इसे तय समय से पहले लाया जा रहा है।
ट्रेलर में यंग हैरी, रॉन वीज्ली और हरमाइनी ग्रेंजर की नई कास्ट की झलक दिखाई गई है। कहानी हॉगवर्ट्स में उनके पहले साल के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है। कई सीन ऐसे हैं जो किताबों के ज्यादा करीब लगते हैं। मसलन, हैरी के बाल काटने वाला सीन भी ट्रेलर में दिखाया गया है, जो फिल्म में नहीं था।
इस सीरीज का टाइटल सिर्फ ‘Harry Potter’ नहीं बल्कि ‘Harry Potter and the Philosopher’s Stone’ रखा गया है। इससे साफ संकेत मिलता है कि इसे अलग-अलग सीजन में उसी तरह पेश किया जाएगा जैसे किताबों और फिल्मों में पार्ट्स रहे हैं। ट्रेलर से साफ है कि मेकर्स इस बार कहानी को ज्यादा विस्तार से दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे दर्शकों को किताबों जैसा अनुभव मिल सके।
कास्ट की बात करें तो हैरी के रोल में डोमिनिक मैकलॉघलिन नजर आएंगे। रॉन का किरदार एलेस्टेयर स्टाउट और हरमाइनी का रोल अराबेला स्टैंटन निभा रही हैं। वहीं, एल्बस डम्बलडोर के रूप में जॉन लिथगो, मिनर्वा मैकगोनागल के रोल में जेनेट मैकटीर, हैग्रिड के किरदार में निक फ्रॉस्ट और सेवेरस स्नेप के रोल में पापा एस्सिडू दिखाई देंगे।






