Lucknow City

IAS अफसर अभिषेक प्रकाश की बहाली के बाद मिली तैनाती, बने सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव

एक सोलर कंपनी से प्रोजेक्ट मंजूरी के बदले रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों के चलते गत वर्ष कर दिया गया था निलंबित, एक दिन पहले ही मिली बहाली

लखनऊ, 15 मार्च 2026:

उत्तर प्रदेश सरकार ने 2006 बैच के निलंबित आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश को बहाल करने के अगले ही दिन उनकी नई तैनाती का आदेश भी जारी कर दिया है। सरकार ने उन्हें सचिव सामान्य प्रशासन के पद पर नियुक्त किया है। नियुक्ति विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया।

दरअसल, एक दिन पहले ही नियुक्ति विभाग ने अभिषेक प्रकाश की सेवा में बहाली का आदेश जारी किया था। इससे पहले वे इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर तैनात थे। पिछले वर्ष एक सोलर कंपनी से प्रोजेक्ट मंजूरी के बदले रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों के चलते प्रदेश सरकार ने 20 मार्च 2025 को उन्हें निलंबित कर दिया था। कंपनी की शिकायत के आधार पर सरकार ने यह कार्रवाई की थी। इसके बाद मामला काफी चर्चा में रहा।

हालांकि हाल ही में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने इस मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। अदालत ने अभिषेक प्रकाश के खिलाफ दाखिल की गई चार्जशीट को रद्द कर दिया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि आरोपों के समर्थन में पर्याप्त और ठोस साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं। साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने चार्जशीट को निरस्त कर दिया। इससे उनकी बहाली का रास्ता साफ हो गया।

ये भी पढ़ें:

इसके बाद राज्यपाल की मंजूरी मिलने पर नियुक्ति विभाग ने शनिवार को उनकी सेवा में बहाली का आदेश जारी किया था। बहाली के अगले ही दिन सरकार ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए सचिव सामान्य प्रशासन के पद पर तैनात कर दिया। हालांकि, बहाली और नई तैनाती के बावजूद अभिषेक प्रकाश को अभी विभागीय जांच का सामना करना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें  लखनऊ विश्वविद्यालय : महिला प्रोफेसर के साथ हो गया ये हादसा... छात्रों में दिखा आक्रोश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link