Uttar Pradesh

आसान हुई जेवर एयरपोर्ट की राह, सीएम ने सौंपा इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा, कहा… मिलेगी लास्ट माइल कनेक्टिविटी

15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं शुरू होने से पहले मिली सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई, यीडा क्षेत्र में हाइड्रोजन बस सेवा की भी हुई शुरुआत

लखनऊ, 12 जून 2026:

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक बस सेवा का बड़ा विस्तार शुरू किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से वर्चुअल माध्यम से 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इनमें 34 बसें गौतमबुद्ध नगर में जबकि 11 बसें लखनऊ में संचालित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जून से देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। एयरपोर्ट तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 15 जून तक शुरू कर दिया जाएगा। आने वाले समय में गौतमबुद्ध नगर में 500 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन तेजी से आधुनिक हो रहा है। आज 17 नगर निगमों में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं, जबकि सात शहरों में मेट्रो सेवाएं चल रही हैं। इससे लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल रही है।

Jewar Airport Connectivity New Electric Bus Service (1)

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में निवेश, सड़क संपर्क और परिवहन व्यवस्था को लेकर अलग तस्वीर थी, लेकिन पिछले नौ वर्षों में सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उत्तर प्रदेश आज चार लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क के साथ देश के प्रमुख राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि एक समय इलेक्ट्रिक बसों के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में ही दो इलेक्ट्रिक बस निर्माण संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ परिवहन क्षेत्र को भी मजबूती मिल रही है। कार्यक्रम के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में तीन हाइड्रोजन बसों का संचालन भी शुरू किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन की दिशा में अहम कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में विकसित एयर कनेक्टिविटी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक उपेक्षा झेलने वाली रामनगरी आज महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के जरिए देश-दुनिया से जुड़ चुकी है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी हवाई संपर्क का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया गया। अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में 30 से 35 बसें तत्काल सड़कों पर उतारी जाएंगी। इन बसों के संचालन से ग्रेटर नोएडा, नोएडा और यीडा क्षेत्र के यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में बेहतर सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button