भतीजे से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव: तंग आकर चाची की हत्या

बाराबंकी,18 अक्टूबर 2024
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शादी के बाद भी भतीजे से चाची अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रही थी। ऐसा नहीं करने पर पोल खोलने की धमकी से तंग आकर भतीजे ने चाची की चाकू से गोद कर जघन्य हत्या कर दी। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने खुलासा कर आरोपी भतीजे और उसके सहयोगी दोस्त को दबोच लिया है।
पुलिस के मुताबिक, असंद्रा थाना क्षेत्र के नसीपुर मजरे मांसरा गांव में 9 अक्टूबर की रात महिला का रक्तरंजित शव मिला था। महिला के पति रामसुमिरन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पड़ताल में जुट गई थी। पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा कर दिया। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जघन्य हत्या के बाद एएसपी साउथ डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट जटाशंकर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना के आठ दिन बाद स्वाट, सर्विलांस और थाना असन्द्रा पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलीजेंस एवं डिजिटल डेटा की मदद से आलाकत्ल बरामद कर सफल अनावरण किया।
10 सालों से चल रहा चाची से अवैध संबंध
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक महिला से उसके भतीजे श्रवण कुमार से 10 सालों से अवैध संबंध चल रहा था। पांच साल पहले श्रवण की शादी हो गई थी। इस बीच चाची को श्रवण से संबंध बनाने में बाधा उत्पन्न हो रही थी। चाची लगातार श्रवण से पहले जैसे शारीरिक संबंध बनाने और पैसे की मांग करने लगी थी। इस बात को लेकर मना करने पर भतीजे की पोल खोलने की धमकी दे रही थी।
वारदात के लिए रची साजिश, 9 दिन पहले खरीदा चाकू
एसपी ने बताया कि आरोपी श्रवण अपने गांव के दोस्त राजेंद्र के साथ हत्या की प्लानिंग बनाई थी। वारदात से नौ दिन पहले एक दुकान से धारदार चाकू खरीद कर लाया था। प्लान के तहत उसने हत्या के दिन अपनी चाची को खेत में बुलाया और फिर कई चाकू से तब तक मारता रहा, जब तक महिला ने दम नहीं तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि महिला के शरीर पर करीब 35 बार चाकू से वार किए गए थे। वारदात के बीच हुए संघर्ष में श्रवण का हाथ चाकू से कट गया।
घटना को छिपाने के लिए दोस्त से ली मदद
हत्या के बाद महिला की बॉडी को झाड़ियों में फेंक दिया। चोट खाए आरोपी श्रवण ने दुर्घटना का रूप देने के लिए अपनी मोटरसाइकिल का इंडीकेटर तोड़ दिया और नंबर प्लेट को क्षतिग्रस्त करते हुए बाइक पर स्क्रेच बना दिए थे। श्रवण ने राजेंद्र के साथ शराब पीने के बाद डॉक्टर से मरहम पट्टी करवा ली। एसपी ने बताया कि वारदात में शामिल महिला के सगे भतीजे श्रवण कुमार और सहयोगी दोस्त राजेंद्र कुमार रावत को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें जेल भेज दिया गया है। सनसनीखेज खुलासे पर पुलिस टीम को एसपी ने 15 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।






