Uttarakhand

राहुल गांधी के फर्जी पीए को दबोचा…महिला को पार्टी में अहम पद दिलाने के नाम पर ठगे 25 लाख

अमृतसर का निवासी है पकड़ा गया जालसाज, साथियों के साथ मिलकर पहले भी टिकट दिलाने के बहाने कइयों से ऐंठे लाखों, गूगल और ट्रू-कॉलर के जरिए नेताओं की जानकारी जुटाकर रचता था पूरा जाल

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 5 मई 2026:

देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। इसी तरीके से एक महिला को उत्तराखंड कांग्रेस में अहम पद का लालच देकर 25 लाख रुपये ठग लिए।

गिरफ्तार आरोपी कनिष्क सिंह उर्फ गौरव कुमार (42) अमृतसर का रहने वाला है। उसे थाना राजपुर पुलिस ने जाखन स्थित पीनाकिल रेजिडेंसी इलाके से पकड़ा। शिकायतकर्ता भावना पांडे ने पुलिस को बताया कि कनिष्क ने खुद को राहुल गांधी का पीए बताया और उत्तराखंड कांग्रेस के कई नेताओं से फोन पर बात कर भरोसा जीत लिया। बड़े नेता भी उसकी आवाज पहचान नहीं सके।

इसी वजह से उन्हें भी यकीन हो गया। आरोपी ने उत्तराखंड में सर्वे और पार्टी में अहम पद दिलाने का भरोसा दिया। गत 13 अप्रैल को उसका एक साथी उनके घर पहुंचा और 25 लाख रुपये लेकर चला गया। इसके बाद आरोपी का फोन बंद हो गया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को सर्विलांस के सहारे खोज निकाला।

पूछताछ में सामने आया कि कनिष्क इंटरनेट के जरिए राष्ट्रीय पार्टियों के बड़े नेताओं और उनके करीबियों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद ट्रू-कॉलर पर फर्जी आईडी बनाकर संपर्क करता और टिकट या पद दिलाने का लालच देकर पैसे ऐंठता था।

गिरोह में उसके साथ छज्जू, रजत मदान और मनिंदर सिंह कालू भी शामिल हैं, जो पंजाब के ही रहने वाले हैं। आरोपी ने खुलासा किया कि साल 2017 में जयपुर में दो नेताओं से विधायक टिकट दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख और 12 लाख रुपये की ठगी की थी। 2025 में पटना में भी एक नेता से 3 लाख रुपये लिए थे।

मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने कनिष्क के पास से दो मोबाइल फोन और एक डोंगल बरामद हुआ है। थाना राजपुर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके अन्य साथियों और दूसरे राज्यों में हुई ठगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button