Madhya Pradesh
सड़क पर थूकना बस ड्राइवर को पड़ा महंगा, निगम ने दी ऐसी सजा

इंदौर,12 नवंबर 2024
इंदौर में बस ड्राइवर को सड़क पर थूकना महंगा पड़ा। निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने विजय नगर इलाके में निरीक्षण के दौरान बस चालक संजय प्रजापति को पकड़ लिया, जिसने सड़क पर थूका था। उन्होंने उसे फटकारते हुए 500 रुपए का स्पॉट फाइन लगाया और उसे उसी स्थान की सफाई भी करवाई। यह कदम शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगम द्वारा किए जा रहे सख्त उपायों का हिस्सा है।
इंदौर की स्वच्छता को लेकर यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है, क्योंकि शहर लगातार सात बार स्वच्छता में अव्वल रहा है और आठवीं बार भी निगम की टीम अवार्ड पाने के लिए मेहनत कर रही है। इससे पहले, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी बस की खिड़की से बाहर थूक रहे एक यात्री पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।






