
लखनऊ, 20 सितंबर 2026:
UP Assembly Elections 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन को जिला स्तर तक चुनावी मोड में लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश के 98 सांगठनिक जिलों और महानगरों के प्रभारियों की सूची जारी कर दी। पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर सांगठनिक क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
नई सूची में संगठन के पुराने और अनुभवी चेहरों को फिर से मैदान में उतारने का पहलू खास है। प्रदेश या क्षेत्रीय टीम में जगह नहीं पाने वाले कई पूर्व पदाधिकारियों को जिला-महानगर की जिम्मेदारी दी गई है। इसे जिला स्तर पर उनके संगठनात्मक अनुभव का इस्तेमाल करने और असंतुष्टों को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
त्रयंबक त्रिपाठी को लखनऊ महानगर की जिम्मेदारी
अवध क्षेत्र में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक को लखीमपुर, संतोष सिंह को उन्नाव और पूर्व प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को अयोध्या जिला का प्रभारी बनाया गया है। लखनऊ महानगर की जिम्मेदारी एक बार फिर त्रयंबक त्रिपाठी को मिली है जबकि लखनऊ जिले के प्रभारी सौरभ मिश्रा बनाए गए हैं। लखनऊ से जुड़े संगठन के पुराने चेहरों को भी नई जिम्मेदारियां मिली हैं। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र को हरदोई और अवध क्षेत्र के पूर्व महामंत्री नीरज सिंह को सीतापुर का प्रभारी बनाया गया है। अंबेडकरनगर के पूर्व जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी को श्रावस्ती की जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या से वाराणसी तक अहम चेहरे
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अयोध्या महानगर का प्रभारी प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह को बनाया गया है। अयोध्या जिला की जिम्मेदारी अनूप गुप्ता को दी गई है। वाराणसी जिला और महानगर दोनों का प्रभार एमएलसी अरुण पाठक को मिला है। गोरखपुर महानगर में महेश शुक्ल और गोरखपुर जिले में अजय सिंह गौतम को जिम्मेदारी दी गई है। कानपुर महानगर उत्तर में अनिल यादव, दक्षिण में प्रांशुदत्त द्विवेदी, कानपुर देहात में शिवमहेश दुबे और कानपुर ग्रामीण में आनंद सिंह प्रभारी बनाए गए हैं।
राहुल गांधी के गढ़ रायबरेली में नीरज सिंह को प्रभार
ब्रज क्षेत्र में आगरा महानगर का प्रभार बृज बहादुर और आगरा जिले का घनश्याम लोधी संभालेंगे। मथुरा महानगर में पवन शर्मा और मथुरा जिले में प्रमोद गुप्ता को जिम्मेदारी मिली है। रायबरेली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह को प्रभारी बनाया गया है। यह नियुक्ति इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि रायबरेली कांग्रेस नेता राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है।
98 जिलों और महानगरों में प्रभारियों की तैनाती के साथ भाजपा ने अब संगठन की जिला इकाइयों के लिए जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इन प्रभारियों की भूमिका संगठन, कार्यकर्ताओं और चुनावी तैयारियों के बीच समन्वय बनाने में अहम होगी।
देखें प्रभारियों की पूरी सूची…












