
लखनऊ, 4 सितंबर 2026:
यूपी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध कोडीन कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एसटीएफ ने बांदा में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की 30 हजार शीशियां अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुई हैं। इसी दौरान सोनभद्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने करीब 80 लाख रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बिछाया जाल
एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज को सूचना मिली थी कि एक अंतरराज्यीय गिरोह दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से अवैध कोडीन कफ सिरप की खेप लाकर यूपी के अलावा बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश तक सप्लाई कर रहा है। टीम बांदा में मौजूद थी तभी सूचना मिली कि डीसीएम में सिरप की बड़ी खेप बिसंडा बाईपास से अतर्रा की ओर ले जाई जा रही है।
एसटीएफ ने बिसंडा-अतर्रा मार्ग पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के उत्तरी गोल चौराहे के पास घेराबंदी की। डीसीएम के आगे चल रही लाल रंग की टाटा नेक्सॉन कार और डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई। दोनों वाहनों से भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ। मौके से धीरेन्द्र कुमार, प्रवीण कुमार उर्फ लकी, रोहित पांडेय और शेखर सिंह को गिरफ्तार किया गया।
मेडिकल स्टोर नहीं, नशे के बाजार में पहुंचती थी खेप
पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के काम करने का तरीका बताया। दिल्ली के द्वारका स्थित एक फार्मा प्रतिष्ठान से सिरप लाकर बांदा, अतर्रा, चित्रकूट और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में इसकी सप्लाई की जाती थी। आरोपियों के मुताबिक सिरप के रैपर बदलकर उसे महंगे दामों पर बेचा जाता था। खेप सुरक्षित पहुंचाने वाले वाहन चालक को अलग से 25 हजार रुपये इनाम दिया जाता था।
बोगस फर्म के नाम पर फर्जी बिल का खेल
जांच में यह भी सामने आया कि अवैध कारोबार को वैध दिखाने के लिए फर्जी GST इनवॉइस और बिल तैयार किए जा रहे थे। इसके लिए हमीरपुर की एक मेडिकल एजेंसी के नाम का इस्तेमाल किया जाता था। एसटीएफ के मुताबिक संबंधित फर्म को वाणिज्य कर विभाग पहले ही निष्प्रयोज्य/बोगस घोषित कर चुका है।

सोनभद्र में 80 लाख की हेरोइन बरामद
उधर, एएनटीएफ वाराणसी यूनिट ने सोनभद्र के करमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्कर हिमांशु गौतम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये कीमत की हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के स्रोत की पड़ताल कर रही है।






